भुसावल: भुसावल-दीपनगर महामार्ग (Bhusaval-Deepnagar Highway) पर साकरी फाटे के ओवरब्रिज के पास एक पुराने विवाद को लेकर दोपहिया वाहन पर आए तीन लोगों ने गोलीबारी (Firing) की। इस गोलीबारी में दो व्यक्ति घायल हो गए। उनका एक निजी अस्पताल में उपचार (Treatment) किया जा रहा है। इस घटना से माना जा रहा है कि भुसावल (Bhusaval) में फिर से अपराध ने अपना सिर उठाना शुरू कर दिया है और भुसावल शहर फिर से अपराधों का गढ़ बनने की ओर अग्रसर है। इस गोलीबारी की घटना से शहर और तहसील में हड़कंप मच गया है।
भुसावल शहर में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की जयंती का जल्लोष मनाया जा रहा था कि भुसावल से थोड़ी ही दूरी पर साकरी फाटे के पास अक्षय सोनवणे, मंगेश काले और उनका एक दोस्त रात 10 बजे खाना खाने के लिए जा रहे थे। इसी बीच, फ्लाईओवर के पास एक दोपहिया वाहन पर 3 लोग आए और पुराने विवाद पर बहस करते हुए अक्षय सोनवणे और मंगेश काले पर फायरिंग कर दी।
इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए डॉ. उल्हास पाटील अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस उपाधीक्षक चंद्रकांत गवली, पुलिस उप-मंडल पुलिस अधिकारी सोमनाथ वाघचौरे और पुलिस निरीक्षक विलास शेंडे ने घटनास्थल का दौरा कर घायल व्यक्तियों का बयान दर्ज किया। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम भेजी गई है। हमलावर भुसावल के खड़का रोड इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। साथ ही पुलिस ने हमलावरों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही है। भुसावल में अपराध कम नहीं हो रहे हैं। आए दिन होने वाली इन आपराधित घटनाओं के कारण भुसावल शहर और आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में भय का माहौल बना हुआ है।
भुसावल में रेलवे जंक्शन स्टेशन है। इस शहर में पूरे देश के यात्रियों का आवागमन होता रहता हैं। इससे रेलवे में यात्रियों के जेवरात, मोबाइल फोन, कैश, नशीले पदार्थों की तस्करी जैसे मामलों ने अपराधियों के लिए एक खुला वातावरण तैयार कर दिया है और अपराधी खिलौना बंदूक की तरह देशी पिस्तौल का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं। अपराधियों में पुलिस का खौफ नहीं है। आए दिन होने वाले हमलों, हत्याओं से नागरिक डरने लगे हैं। रास्तों पर चलते लोगों को लूट लेना भुसावल में आम बात हो गई है। ऐसे में लोगों में भय फैलता जा रहा है। नागरिक पुलिस से मांग कर रहे हैं कि पुलिस प्रशासन अपराधियों में अपना डर बनाएं और अपराध फैलाने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई करें।