मुंबई के डोंगरी इलाके में 22 मंजिला इमारत में लगी आग 
महाराष्ट्र

मुंबई के डोंगरी इलाके में 22 मंजिला इमारत में लगी आग, महिला दमकलकर्मी समेत दो घायल

आग लगने की इस घटना के बाद घटनास्थल पर कम से कम 12 दमकल गाड़ियों और कई दमकल कर्मियों को भेजा गया। कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब पांच बजे तक आग पर काबू पाया जा सका।

रीना पंवार

मुंबई : दक्षिण मुंबई में बुधवार को एक 22 मंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लग गई जिसमें एक महिला दमकलकर्मी समेत दो लोग घायल हो गए। आग लगने की यह घटना बुधवार को अपराह्न करीब 1.10 बजे डोंगरी इलाके में घटी। इलाके में स्थित अंसारी हाइट्स इमारत की 14वीं मंजिल पर एक फ्लैट में रसोई गैस का सिलेंडर फट गया जिससे फ्लैट में आग लग गई। देखते ही देखते ये आग इमारत की 19वीं मंजिल तक फैल गई। घटना की सूचना पाते ही दमकल कर्मी आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे।

बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के अधिकारियों ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि इमारत के ऊपरी तलों पर भी पहुंच गई जिससे यहां हर जगह धुआं भर गया। स्थिति को देखते हुए एहतियात के तौर पर ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों को छत पर ले जाया गया।

दमकलकर्मी समेत दो लोग हुए घायल

एक अधिकारी ने बताया की आग बुझाने के दौरान मुंबई दमकल विभाग के मांडवी केंद्र से संबद्ध 35 वर्षीय दमकलकर्मी अंजलि अमोल जामदादे के दाहिने कंधे में चोट लग गई। इस अग्निकांड में 49 वर्षीय नासिर मुनी अंसारी नाम का एक व्यक्ति आग से 15 प्रतिशत तक झुलस गया। दोनों घायलों को भायखला में महाराष्ट्र सरकार द्वारा संचालित जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। महाराष्ट्र की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

शुरुआत में बीएमसी ने कहा था कि इमारत में 15 मंजिल हैं और आग 14वीं मंजिल पर एक फ्लैट में लगी है। हालांकि बाद में पता चला कि इमारत 22 मंजिला है और आग इमारत के ऊपर के तलों पर भी फैल गई थी। इस दौरान ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों को एहतियातन छत पर पहुंचाया गया क्योंकि सीढ़ियों के पास धुआं भरा हुआ था। घटनास्थल पर कम से कम 12 दमकल गाड़ियों और कई दमकल कर्मियों को भेजा गया। कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब पांच बजे तक दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया।

अंधेरी पश्चिम में भी इमारत में लगी थी आग

बुधवार को दिन आग की यहां ये दूसरी घटना थी। इससे पहले आज सुबह के समय अंधेरी पश्चिम में एक सात-मंजिला आवासीय इमारत में आग लग गई थी। यहां चिंचन इमारत की छठी मंजिल पर एक फ्लैट में सुबह 8.42 बजे आग लग गई थी। दमकलकर्मियों ने सुबह करीब 9 बजे तक आग पर काबू पाया। बीएमसी के अधिकारियों ने बताया कि सुबह हुई इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Ram Mandir: चंपत राय को भेजा था ₹2.25 लाख का VIDEO, SIT चार्जशीट में क्या-क्या? राम मंदिर में NSG कमांडो तैनात

PM Modi Mann Ki Baat Live: मन की बात का 138वां कार्यक्रम, आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस की नीति

Faridabad: नमो मैराथन में उमड़ा 1.35 लाख युवाओं का सैलाब, CM नायब सैनी और शिखर धवन ने दिखाई हरी झंडी

दिल्ली-एनसीआर में ठंड का एहसास, उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश की चेतावनी; अलर्ट पर हिमाचल सरकार

Aaj Ka Mausam: उत्तराखंड में रेड अलर्ट, UP-MP समेत कई राज्यों में भारी बारिश, फ्लैश फ्लड का खतरा