Mumbai Local Train Update: मध्य रेलवे की लोकल ट्रेनों में बढ़ती भीड़ से जूझ रहे लाखों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। सोमवार से 15 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनों की 10 अतिरिक्त सेवाएं शुरू की जाएंगी। इसके लिए वर्तमान में चल रही 12 डिब्बों वाली एक लोकल को 15 डिब्बों वाली रेक में परिवर्तित किया गया है। इसके साथ ही मध्य रेलवे पर 15 डिब्बों वाली लोकल सेवाओं की संख्या 22 से बढ़कर 32 हो जाएगी।
इस कदम से विशेष रूप से सुबह और शाम के पीक आवर्स में यात्रियों की भीड़ कम होने और सफर अधिक सुविधाजनक बनने की उम्मीद है। 15 डिब्बों वाली लोकल में 3 अतिरिक्त डिब्बे जुड़ने से प्रत्येक फेरे में यात्रियों को अधिक क्षमता उपलब्ध होगी।
12 डिब्बों की तुलना में इन ट्रेनों में लगभग 25 प्रतिशत अधिक यात्रियों को यात्रा कराने की क्षमता होती है। एक 15 डिब्बों वाली लोकल में करीब 7,500 से अधिक यात्री सफर कर सकते हैं, जिससे भीड़भाड़ के समय प्लेटफॉर्म और ट्रेनों पर दबाव कम होगा।
मध्य रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 15 डिब्बों वाली लोकल सेवाओं का विस्तार चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न स्टेशनों पर प्लेटफॉर्मों का विस्तार भी किया जा रहा है, ताकि भविष्य में और अधिक 12 डिब्बों वाली लोकलों को 15 डिब्बों में बदला जा सके।
15 डिब्बों वाली मुंबई लोकल के संचालन के लिए लंबे प्लेटफॉर्म जरूरी हैं। इसी उद्देश्य से मध्य रेलवे ने 34 स्टेशनों के 50 प्लेटफॉर्मों के विस्तार का कार्य शुरू किया है। विठ्ठलवाड़ी, उल्हासनगर, अंबरनाथ, कर्जत और तानशेत स्टेशनों पर यह कार्य पूरा हो चुका है, जबकि अन्य स्टेशनों पर निर्माण तेजी से जारी है। प्लेटफॉर्म विस्तार पूरा होने के साथ ही और अधिक लोकल सेवाओं को 15 डिब्बों में परिवर्तित किया जाएगा।
मध्य रेलवे का कहना है कि भविष्य में भी 15 डिब्बों वाली लोकल सेवाओं की संख्या बढ़ाई जाएगी। इससे सीएसएमटी-कल्याण, कसारा, कर्जत और खोपोली मार्ग पर यात्रा करने वाले लाखों दैनिक यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा।