Tumsar Traffic Jam News: तुमसर शहर की सड़कों के किनारे ही सब्जी बाजार एवं अन्य दुकानें लगने से हमेशा वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। शहर के बीच से देव्हाडीगोंदिया की ओर जाने वाले मेन रोड पर ट्रैफिक का सबसे ज्यादा दबाव रहता है, इस कारण हमेशा दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है।
वर्तमान में सड़क किनारे सब्जी के पसरे लगने की संख्या बढ़ गई है। वर्तमान में देव्हाड़ी मार्ग पर रेलवे क्रासिंग के पास उड़ान पुल का निर्माण कार्य शुरू होने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है, ऐसे में मंगलवार को साप्ताहिक बाजार भी तांबी चौक से रेल पटरी तक लगने से सड़क पूरी तरह से सिकुड़ जाती है, इससे दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है।
वैसे ही जैन चौक से शेर मशीन तक सड़क के दोनों किनारे सब्जी के पसरे लगते हैं, जिससे आवागमन को लेकर खतरा बना रहता है सड़क किनारे लग रही सब्जी दुकानों को अन्यत्र विस्थापित करना चाहिए जिससे नए बाजार में और भी रौनक बढ़ सकती है।
साप्ताहिक बाजार के दिन माह में पडने वाले 4 व 5 मंगलवार लोगों के लिए किसी काल से कम नहीं होते हैं। प्रत्येक मंगलवार को शहर में सड़क पर सब्जी भाजी एवं अन्य सामानों की दुकानों का बाजार भरता हैं, इससे खरीदारी करने में व्यस्त पुरुष तथा महिलाओं के साथ किसी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता है।
साप्ताहिक बाजार के दिन सड़क के दोनों किनारे में लगने वाली सब्जीभाजी एवं अन्य दुकानों की वजह भारी भीड़ के चलते छोटे बच्चे भी चपेट में आने की संभावना लागातार बनी रहती है, इस कारण नप द्वारा शीघ्र उपाय किए जाने की आवश्यकता है।
राजेश देशमुख, पूर्व नगरसेवक