Rohit Pawar Arjuni Morhgaon Morcha: किसान, खेत मजदूर, महिला, युवा, छात्र, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग और आम जनता की विभिन्न लंबित समस्याओं की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए अर्जुनी मोरगांव से विशाल मोर्चा निकाला गया। विधायक रोहित पवार के नेतृत्व में निकले इस मोर्चे में शासन के समक्ष 25 प्रमुख मांगे रखी गई।
इस अवसर पर विधायक सुनील भुसारा, सलिल देशमुख, पंकज नाना बोराडे, रविकांत वर्पे, जिला अध्यक्ष यशवन्त परशुरामकर, जिला कार्यकारी अध्यक्ष मिथुन मेसराम, उपाध्यक्ष सुरेश खोबरागड़े, अतुल गन्यापवार, शुभांगी राखड़े, मंजू डोंगरे, प्रियंका मेसराम, देवानंद तागड़े, आशीष घनश्याम कापगते, मनीष मुनेश्वर, राहुल भोईर, सोनू मेसराम अमोल राऊत, विनोद शहारे, आदेश राऊत, बाबूलाल नेवारे, स्थानीय लोग पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं किसान भाई उपस्थित थे।
आयोजकों की ओर से रखी गई प्रमुख मांगों में धान उत्पादक किसानों को घोषित बोनस तुरंत दे, वर्ष 2017 और 2019 की कर्जमाफी से वंचित पात्र किसानों को लाभ प्रदान करें, नियमित कर्ज चुकाने वाले किसानो को 50,000 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दे और ग्रीष्मकालीन धान के लिए शासकीय खरीद केंद्र समय पर शुरू करना शामिल है।
इसके अलावा, संजय गांधी निराधार व श्रावणबाल पेंशन योजना की बकाया राशि का तुरंत भुगतान, लाडकी बहीण योजना की वंचित महिलाओं को लाभ देना मोहाडी नगर पंचायत का टैक्स पुनर्निर्धारित करना, और मनरेगा मजदूरों के लंबित वेतन का भुगतान करने जैसी जनहितैषी मांगें उठाई गई हैं। भंडारा जिले के सभी किसानों, खेत मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिक हजारों की संख्या में उपस्थित थे।
जनहित के मुद्दों को प्रखरता से उठाने वाले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार भंडारा जिले के दौरे पर हैं। अपने दौरे के दौरान विधायक रोहित पवार ने किसान रैली को संबोधित किया।