Leopard Enters Village Homes: भंडारा जिले के साकोली तहसील में शुक्रवार को चांदोरी गांव में तड़के एक तेंदुए के अचानक प्रवेश से दहशत फैल गई। तेंदुए ने एक ही रात में दो अलग-अलग घरों में घुसकर दो पालतू बकरियों को मार डाला। इसके बाद वह एक घर के शौचालय में जा छिपा। तेंदुए को देखने पहुंचे ग्रामीणों पर उसने हमला कर दिया, जिसमें गांव के उपसरपंच जितेंद्र रहाटे और मंगेश झोडे घायल हो गए, घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है।
सूत्रों के अनुसार, तेंदुआ सबसे पहले गुलाब हातझाडे के घर में घुसा, जहां उसने चार माह के बकरी के बच्चे को मार डाला। इसके बाद वह रमेश हातझाडे के घर पहुंचा और वहां एक अन्य बकरी को भी अपना शिकार बना लिया।
अचानक हुई इस घटना से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। दो बकरियों का शिकार करने के बाद तेंदुआ मोरेश्वर हातझाडे के घर के शौचालय में जा छिपा, वह सुबह करीब 5 बजे से 10 बजे तक वहीं छिपा रहा।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। वन विभाग ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया। समय रहते रेस्क्यू होने से बड़ी अनहोनी टल गई।
इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने की मुआवजे की मांग घटना के बाद चांदोरी और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने मृत बकरियों के मालिकों को तत्काल मुआवजा देने, गांव में नियमित गश्त बढ़ाने तथा वन्यजीवों के प्रवेश को रोकने के लिए प्रभावी उपाय करने की मांग प्रशासन से की है
रेस्क्यू के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण तेंदुए को देखने के लिए मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया, जिसमें गांव के उपसरपंच जितेंद्र रहाटे और मंगेश झोडे घायल हो गए। दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत स्थिर है।
यह भी पढ़ें:-पश्चिम बंगाल में बड़ा हादसा: गड़चिरोली के BSF जवान सुरेश दुर्गुजी अंबाडारे शहीद, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सामाजिक कार्यकर्ता तथा भाजपा महिला मोर्चा भंडारा जिलाध्यक्ष माहेश्वरी नेवारे ने कहा कि गांवों में तेंदुओं की बढ़ती आवाजाही चिंता का विषय है। उन्होंने वन विभाग से गांवों के आसपास झाड़ियों की सफाई, नियमित रात्रि गश्त, वन्यजीवों की निगरानी और ग्रामीणों में जनजागरूकता बढ़ाने की मांग की।