Bhandara Externment Action: भंडारा शहर में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वाले कुख्यात सराईत अपराधियों की गैंग के खिलाफ भंडारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर गैंग के तीन सदस्यों को भंडारा जिले की सीमा से एक वर्ष के लिए जिलाबदर कर दिया गया है। चालू वर्ष में अब तक जिले में कुल 37 आरोपियों के खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई की जा चुकी है।
जिलाबदर किए गए आरोपियों में पुलिस रिकॉर्ड पर शरीर संबंधी गंभीर अपराधों में शामिल गैंग के प्रमुख नेहरू वार्ड, मेंढा निवासी प्रभाकर उर्फ कम्मो श्याम चंदनबटवे (24) तथा गैंग के सदस्य नेहरू वार्ड, मेंढा निवासी विवेक विदेश कोडापे (21) और अविनाश अमरसिंग धोत्रे (25) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों के खिलाफ भंडारा और वरठी पुलिस थाने में सेंधमारी, मारपीट कर चोट पहुंचाने तथा हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं।
लगातार आपराधिक गतिविधियों के चलते पुलिस ने इन आरोपियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिलाबदर की कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार किया था। भंडारा पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी ने आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और गतिविधियों की विस्तृत जानकारी के आधार पर रिपोर्ट तैयार की। पुलिस अधीक्षक नुरूल हसन के मार्गदर्शन में जिलाबदर का प्रस्ताव संबंधित स्तर पर प्रस्तुत किया गया। प्रस्ताव पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गुरुवार 20 अगस्त से एक वर्ष के लिए भंडारा जिले की सीमा से बाहर रहने के आदेश जारी किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आपराधिक गतिविधियों में लगातार सक्रिय रहने वाले आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नुरूल हसन और अपर पुलिस अधीक्षक निलेश मोरे के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक संजय गायकवाड, भंडारा पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी तथा पुलिस निरीक्षक उल्हास भुसारी, स्थानीय अपराध शाखा और पुलिस थाने के पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।