Bhandara Dhapewada Barrage: धापेवाड़ा बैराज में पानी की आवक तेजी से बढ़ने के कारण सोमवार, 20 जुलाई को दोपहर 1 बजे बैराज के 5 गेट 0.80 मीटर तक खोल दिए गए हैं। इसके जरिए 461.40 क्यूमेक्स पानी वैनगंगा नदी में प्रवाहित किया जा रहा है।
तिरोड़ा तहसील की ओर से भंडारा जिले में बहने वाली वैनगंगा नदी का जलस्तर लगातार पानी छोड़े जाने से बढ़ गया है। जल संसाधन विभाग के अनुसार बैराज में वर्तमान में 42.27 प्रतिशत जल भंडारण उपलब्ध है और आवक को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
प्रशासन सतर्क, तटीय इलाकों में चेतावनी नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए भंडारा जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे फिलहाल नदी के किनारे या पानी में जाने से बचें और पूरी सतर्कता बरतें। स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा तटीय क्षेत्रों में समय रहते सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
23 और 24 जुलाई को येलो अलर्ट भारतीय मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार भंडारा जिले में 23 और 24 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान जिले में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक रूप से नदीनालों के पास न जाने की सलाह दी है।
ये भी पढ़े: Chandrapur News: चंद्रपुर के जवराबोडी में धर्मांतरण आरोपों पर विवाद, जिलाधिकारी से जांच की मांग
इस बीच, दो दिनों के विराम के बाद जिले में बारिश ने एक बार फिर से दस्तक दे दी है। सोमवार को सुबह के समय धूप खिली रही, लेकिन दोपहर होते ही झमाझम बारिश शुरू हो गई। जिले में शाम तक बारिश का मौसम बना रहा।