Chhatrapti Sambhajinagar Plastic Ban: छत्रपति संभाजीनगर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए महानगरपालिका प्रशासन ने अब सख्त और आक्रामक रुख अपना लिया है। आयुक्त अमोल येडगे के निर्देश तथा उपायुक्त नंदकिशोर भोंबे के मार्गदर्शन में प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ विशेष अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत शहर के बाहर से प्लास्टिक लाने वाले वाहतूक कर्ताओं और आपूर्ति श्रृंखला पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि शहर में किसी भी माध्यम से प्रतिबंधित प्लास्टिक प्रवेश न कर सके ।
सोमवार सुबह जोन क्रमांक 02 के जाफर गेट क्षेत्र में प्रतिबंधित प्लास्टिक की ढुलाई की गुप्त सूचना मिलने पर मनपा की टीम ने तत्काल जाल बिछाया। जांच के दौरान अब्बास ट्रांसपोर्ट के एक वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 13 बोरियों में भरा लगभग 390 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक पाया गया। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सारा प्लास्टिक जब्त कर लिया और ट्रांसपोर्ट मालिक पर मौके पर ही 25,000 रुपये का जुर्माना ठोंक दिया।
यह भी पढ़ें:-Sambhajinagar Drainage Project: संभाजीनगर में 887 करोड़ की ड्रेनेज योजना अधर में; ठेकेदारों का भुगतान अटका