Amravati Crime News: अमरावती वरुड से मोर्शी राष्ट्रीय राजमार्ग पर खडका फाटा के पास मंगलवार को सुबह 8 बजे भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई। जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया है। एक शादी समारोह की खुशियों में शामिल होने जा रहे नागपुर के नांदे परिवार की कार सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई, जिसमें परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई।
मृतकों में नागपुर निवासी समाधान किसनराव नांदे 62, किरण गोपाल नांदे 28 और दिया गोपाल नांदे 3, सभी कामठी खैरी, नागपुर निवासी का समावेश है।
फोटो वरुड एक्सिडेंट1,2 शादी में जाते समय हुआ हादसा पुलिस सूत्रों के अनुसार गोपाल समाधान नांदे 34 अपनी पत्नी, बेटी और पिता के साथ नागपुर के कामठी खैरी से कार क्र. एमएच 04/ केआर 0721 में सवार होकर विवाह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे। जब उनकी कार वरुडमोर्शी मार्ग पर खडका फाटा के पास पहुंची, तो अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो गया और कार सड़क किनारे स्थित एक विशाल पेड़ से टकरा गई।
टक्कर इतनी भयावह थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। इस घटना में मौके पर ही समाधान किसनराव नांदे 62 की मृत्यु हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तुरंत कार में फंसे अन्य सदस्यों को बाहर निकाला। किरण गोपाल नांदे 28 और उनकी मासूम बेटी दिया गोपाल नांदे 3 गंभीर रूप से घायल थे।
उन्हें एम्बुलेंस के जरिए तुरंत वरुड के ग्रामीण अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि दोनों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे में गोपाल समाधान नांदे 34 गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया।
मदद के लिए दौड़े ग्रामीण हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग और खडका के सरपंच राहुल फुले तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना समय गंवाए बेनोडा से एम्बुलेंस बुलाई और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों की तत्परता की वजह से घायल गोपाल नांदे को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों पिता, पत्नी और इकलौती बेटी की मौत की खबर फैलते ही पूरे वरुड और कामठी परिसर में मातम छा गया। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।