Amravati District: अमरावती मनपा के अंतर्गत जोन क्रमांक 3 दस्तूरनगर के विभिन्न प्रभागों में चल रहे स्वच्छता कार्यों का 24 अप्रैल 2026 को जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों द्वारा प्रत्यक्ष निरीक्षण किया गया. निरीक्षण में प्रभाग क्रमांक 8 जोग स्टेडियम, 9 वडाली, 10 बेनोडा भीम टेकड़ी और 11 फ्रेजरपुरा शामिल रहे.
निरीक्षण के दौरान स्थायी समिति सभापति अविनाश मार्डीकर, मंगेश मनोहरे, विकी वानखड़े, सचिन वैद्य, इस्माइल लालूवाले, ममता आवारे, डॉ. मधुरा कहाले, विद्या माटे, अर्चना पाटील, मनपा के वैद्यकीय अधिकारी स्वच्छता डॉ. अजय जाधव, विजय बुरे, ज्येष्ठ स्वास्थ्य निरीक्षक कुंदन हडाले एवं अन्य अधिकारी सहित कोणार्क इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के प्रतिनिधि डिम्पी कुंदनानी और आदित्य कुकरेजा भी मौजूद थे.23 अप्रैल को हुई सर्वसाधारण सभा में हुई चर्चा के अनुसार तथा कोणार्क इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के साथ हुए स्वच्छता ठेके के तीन माह पूर्ण होने के उपरांत कार्यों की समीक्षा और वाहनों की जांच की गई.
इस दौरान कंपनी द्वारा उपलब्ध कराए गए उपकरण, मशीनरी, वाहन एवं मानवबल की जांच की गई, जिसमें पोकलेन, घंटागाड़ियां सहित आवश्यक संसाधन उपलब्ध पाए गए. साथ ही यह भी देखा गया कि कामगारों की उपस्थिति बायोमीट्रिक फेस आईडी प्रणाली के माध्यम से दर्ज की जा रही है.
स्वच्छता कार्यों की अच्छी शुरुआत पर पदाधिकारियों और नगरसेवकों ने संतोष व्यक्त किया. मनपा प्रशासन ने बताया कि शहर के अन्य जोन में भी स्वच्छता कार्यों को और प्रभावी बनाने की योजना बनाई जा रही है, ताकि नागरिकों की शिकायतों में कमी लाई जा सके और अमरावती को स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाया जा सके.