Highlights:
अमरावती जिले में इस वर्ष दिवाली पर करीब 40 करोड़ रुपए से अधिक के पटाखों की बिक्री होने का अनुमान है।
जिले के 400 से अधिक लाइसेंसधारक विक्रेताओं ने दिवाली के लिए करीब 65 करोड़ रुपए से अधिक का पटाखा स्टॉक बाजार में उतारा था।
महंगाई के कारण पटाखों की कीमतों में 10 से 30 प्रतिशत तक वृद्धि हुई, फिर भी ग्राहकों का उत्साह कम नहीं हुआ।
Amravati Diwali Firecrackers Sale: दीपावली के महापर्व पर इस बार जिले में आतिशबाजी का जबरदस्त उत्साह देखने मिला। रोशनी, रंग-बिरंगी आतिशबाजी और पटाखों की गूंज से शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र भी गूंज उठे। अनुमान के मुताबिक जिले में इस वर्ष करीब 40 करोड़ रुपए से अधिक के पटाखों की बिक्री हुई। महंगाई के बावजूद लोगों ने जमकर पटाखों की खरीदारी की। दीपावली की रात आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से सराबोर नजर आया।
65 करोड़ का माल बाजार में जिले में पटाखों के 400 से अधिक लाइसेंसधारक विक्रेता हैं। पटाखा कारोबारियों के अनुसार इस वर्ष दीपावली के लिए करीब 65 करोड़ रुपए से अधिक का पटाखा स्टॉक बाजार में उतारा गया था। इसमें से लगभग 40 करोड़ रुपए के पटाखों की बिक्री हुई। प्रतिबंधित रासायनिक और चाइनीज पटाखों पर पाबंदी के चलते ग्राहकों का रुझान ग्रीन पटाखों की ओर अधिक रहा।
इस बार पटाखा बाजार में हिटमैन, जेमर, रॉक स्टार, फेस्टिवल स्टार, 50 शॉट, डिस्को, फ्लैश, गोल्डन और मैन ऑफ स्टील जैसे पटाखे आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों के लिए पॉपकॉर्न, हेलिकॉप्टर सहित कई प्रकार के पटाखों की बिक्री हुई।
पटाखा विक्रेता रुद्राक्ष ठाकुर ने बताया कि इस वर्ष पटाखों के दामों में 10 से 30 प्रतिशत तक वृद्धि हुई। इसके बावजूद ग्राहकों ने उत्साह के साथ खरीदारी की। जिले में 40 करोड़ रुपए से अधिक के पटाखों की बिक्री का अनुमान है।
शहर पुलिस ने 5 से 11 नवंबर तक स्वास्थ्य के लिए हानिकारक रासायनिक एवं प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों की बिक्री और उपयोग पर प्रतिबंध लगाया था। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 33 के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। नागरिकों से पर्यावरणपूरक, कम आवाज वाले ग्रीन पटाखों का उपयोग करने की अपील की गई थी, जिसके तहत नागरिकों ने सूचनाओं का पालन कर दिवाली मनाई।