अमरावती. इस वर्ष जिले में लोकसभा और विधानसभा महत्वपूर्ण चुनाव होने हैं. इस पृष्ठभूमि में मतदाता सूचियों को अद्यतन करने राज्य में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम एवं घर-घर सर्वेक्षण अभियान चलाया गया. विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में क्रियान्वित अभियानों से अंतिम मतदाता सूची में नये मतदाताओं के प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि होने की जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर सौरभ कटियार ने दी. इस विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत अक्टूबर 2023 प्रारूप मतदाता सूची में 54 हजार 19 मतदाताओं के नाम दर्ज किये गये. साथ ही 47 हजार 357 मतदाताओं के नाम हटाए गए. अंतिम मतदाता सूची में 6,662 मतदाताओं की वृद्धि के साथ कुल मतदाताओं की संख्या 23 लाख 99 हजार 197 हो गई है.
कटियार ने बताया कि 27 अक्टूबर 2023 को कलेक्टोरेट, निर्वाचक पंजीयन कार्यालयों एवं सभी मतदान केन्द्रों पर प्रारूप सूची का प्रकाशन कर 2024 का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम प्रारम्भ किया गया. कार्यक्रम 27 अक्टूबर 2023 से 23 जनवरी 2024 तक लागू किया गया था. अंतिम सूची के अनुसार 1 हजार 147 पुरुष मतदाता, 5 हजार 511 महिला मतदाता और 4 तृतीय पक्ष मतदाताओं की वृद्धि हुई है. महिला स्वयं सहायता समूहों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, हाउसिंग सोसाइटी के सहयोग के कारण इस वर्ष महिला मतदाता पंजीयन में उल्लेखनीय वृद्धि देखी जा सकती है. मतदाता सूची में पुरुष-महिला अनुपात 940 से बढ़कर 943 होने की जानकारी भी कटियार ने दी.
अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन पर जिलाधीकारी कक्ष में संवाददाताओं से चर्चा के दौरान उन्होंने यह जानकारी दी. इस अवसर पर उपजिला चुनाव अधिकारी शिवाजी शिंदे भी उपस्थित थे. पुनरीक्षण प्रक्रिया में 18 से 19 आयु वर्ग में 13 हजार 266 नये मतदाता तथा 20 से 29 आयु वर्ग में 18 हजार 329 नये मतदाता जुड़े हैं. प्रारूप सूची में 18 से 19 आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 5 हजार 452 (0.16 प्रतिशत) थी.
जनवरी की अंतिम मतदाता सूची में यह बढ़कर 18 हजार 718 (0.54 प्रतिशत) हो गई है. जबकि ड्राफ्ट सूची में 20 से 29 आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 3 लाख 95 हजार 21 (11.40 प्रतिशत) थी. अंतिम सूची में यह बढ़कर 4 लाख 13 हजार 350 (11.93 प्रतिशत) हो गया है. विभिन्न सामाजिक संगठनों और कॉलेजों द्वारा आयोजित मतदाता पंजीकरण शिविरों के कारण इस आयु वर्ग का प्रतिशत बढ़ा है.