Akola Khadan Police Station: महाराष्ट्र बंद के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस कर्मी के साथ अभद्रता, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में खदान पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह घटना संत तुकाराम चौक पर हुई। जानकारी के अनुसार, पुलिस हेड कांस्टेबल नीलेश तिरपुडे अन्य पुलिस कर्मियों के साथ महाराष्ट्र बंद के मद्देनजर संत तुकाराम चौक पर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे थे।
इस बीच देर शाम एक महिला अपनी बेटी के साथ मोपेड से वहां पहुंची। उसी दौरान मोटरसाइकिल से आए प्रशांत इंगले, निवासी मलकापुर अकोला, ने कथित रूप से महिला की दोपहिया वाहन की चाबी निकाल ली। महिला द्वारा पुलिस से सहायता मांगने पर हेड कांस्टेबल तिरपुडे ने प्रशांत इंगले से चाबी वापस करने को कहा। आरोप है कि इस पर आरोपी भड़क गया और पुलिस कर्मी को धमकी देते हुए कहा कि, वह उन्हें तत्काल निलंबित करा सकता है।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने इसके बाद हेड कांस्टेबल तिरपुडे के साथ गालीगलौज की और उनके साथ मारपीट भी की, जिससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। घटना के दौरान ड्यूटी पर मौजूद पुलिस सिपाही सिद्धांत गवई तथा आसपास के नागरिकों और दुकानदारों ने बीचबचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया।
ये भी पढ़े: चंद्रपुर मनपा कांग्रेस गुटनेता विवाद खत्म: अडूर की नियुक्ति रद्द, अड़बाले बने नए ग्रुप लीडर
सूचना मिलने पर खदान पुलिस थाने का दल मौके पर पहुंचा और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गया। प्रशांत इंगले के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, गालीगलौज, धमकी देने और मारपीट करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत खदान पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।