Akola NCP Sharad Pawar Protest: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के महाराष्ट्र प्रदेशाध्यक्ष शशिकांत शिंदे के निर्देश पर छात्र एवं युवाओं के प्रलंबित मुद्दों को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया गया। सुबह 11 बजे शुरू हुए इस आंदोलन में केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में जमकर नारेबाजी की गई तथा छात्र-युवाओं के हितों की रक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।
यह आंदोलन राकांपा (शरद पवार) अकोला ग्रामीण और अकोला महानगर इकाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। आंदोलन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष संग्राम गावंडे और महानगर अध्यक्ष रफीक सिद्दीकी ने किया।
प्रमुख मांगों को लेकर जताया विरोध धरने के दौरान नेताओं ने कहा कि राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र बार-बार लीक होने, सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं में कथित में अनियमितताओं, ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली की खामियों तथा पुलिस भर्ती में गड़बड़ियों के कारण लाखों विद्यार्थियों और युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
सरकार इन गंभीर मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है। आंदोलनकारियों ने मांग की कि विद्यार्थियों और युवाओं को न्याय मिले, सभी भर्ती प्रक्रियाएं पूरी तरह पारदर्शी बनाई जाएं तथा घोटालों में शामिल दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
ये भी पढे़: Akola News: नेशनल फ़ूड सिक्योरिटी मिशन के तहत कारंजा में किसानों को अरहर मिनी किट वितरित
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि शिक्षा मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें। पेपर लीक और भर्ती घोटालों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए। एनटीए सहित संबंधित संस्थाओं की जवाबदेही तय कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
बड़ी संख्या में धरना-प्रदर्शन में संग्राम गावंडे, आनंद वानखडे, जावेद जकारिया, विशाल गावंडे, पंकज गावंडे, गणेश राऊत, सुनील महल्ले, शरद काकड, परिमल लहाने, दिवाकर गावंडे, करण दौड, अजय पागृत, शिवाजी म्हैसने उपस्थित थे। धरना-प्रदर्शन के समापन पर पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्य सरकार को अपनी विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा।