Theft Case Ujjain: उज्जैन की थाना पंवासा पुलिस ने सूने मकानों में हुई दो बड़ी चोरी की वारदातों का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये मूल्य के चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का मानना है कि आरोपियों से पूछताछ में अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।
पहली वारदात 1 मई 2026 को हुई थी, जब एक परिवार इंदौर में पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। लौटने पर मकान के बाहरी और अंदरूनी ताले टूटे मिले। घर से 50 हजार रुपये नकद, चांदी के जेवर, करीब 500 ग्राम चांदी के आवले और सोने की नथ चोरी हो चुकी थी। दूसरी घटना 28 जून को अमृत नगर क्षेत्र में हुई, जहां एक महिला मजदूरी के लिए घर से बाहर गई थी। करीब एक घंटे बाद लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और करीब साढ़े चार लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। दोनों मामलों में थाना पंवासा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) आलोक शर्मा और नगर पुलिस अधीक्षक जीवाजीगंज के मार्गदर्शन में थाना पंवासा पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल तीन संदिग्ध युवक श्री सिंथेटिक क्षेत्र में घूम रहे हैं। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने दोनों चोरी की वारदातें स्वीकार कर लीं। आरोपियों ने बताया कि वे पहले दिन में बंद मकानों की रेकी करते थे और जिन घरों में कोई नहीं होता था, वहां ताला तोड़कर चोरी करते थे।
यह भी पढ़ें:दतिया उपचुनाव: कांग्रेस को बड़ा झटका, दिल्ली हाईकोर्ट ने राजेंद्र भारती की याचिका की खारिज; सजा बरकार
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 50 हजार रुपये नकद, चांदी के कमरबंद, पायल, आवले, हाथफूल, बिछिया, चेन, सिक्के तथा सोने के मोती और नाक के कांटे सहित करीब 6 लाख रुपये का चोरी गया मशरूका बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों में मोनिया उर्फ मोनू पंवार (18 वर्ष) तथा दो विधि-विरुद्ध बालक शामिल हैं, जबकि कार्तिक बैडवाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी गहन पूछताछ कर रही है।
https://youtu.be/LPJsW-v6sUM?si=ULRPTZm0GwaCW9ZW