Ujjain Love Marriage Violence Case: प्रेम विवाह के बाद परिवारों के बीच गहरी दुश्मनी खूनी रूप ले सकती है, इसका ताजा उदाहरण उज्जैन जिले के नवेली गांव में देखने को मिला। यहां देर रात करीब 3 बजे युवती पक्ष के 20-25 हथियारबंद लोगों ने युवक के घर पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने तलवार, चाकू और लाठियों से लैस होकर घर में तोड़फोड़ मचाई और परिवार के सदस्यों पर जानलेवा हमला कर दिया।
घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित परिवार ने बताया कि गांव के निवासी सौदान ने करीब 15 दिन पहले शाजापुर जिले के बेरछी गांव की एक युवती से प्रेम विवाह किया था। दोनों ने पहले वृंदावन में विवाह किया और फिर कोर्ट में शादी को कानूनी मान्यता दिलाई। इसके बाद उन्होंने भैरवगढ़ थाने में भी अपना बयान दर्ज कराया था ताकि किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके। लेकिन युवती के परिजनों ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया।
बीती रात युवती पक्ष के लोग दो चारपहिया वाहनों में सवार होकर अचानक सौदान के घर पहुंचे। उन्होंने घर के मुख्य द्वार को तोड़ते हुए अंदर घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। घर में मौजूद सौदान के माता-पिता समेत अन्य सदस्यों पर बेरहमी से हमला किया गया। हमले में राजाराम, सुगनबाई, प्रहलाद सहित कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावर नवविवाहिता को जबरन उठाकर अपने साथ ले गए। जाते समय उन्होंने परिवार को जान से मारने की खुली धमकी भी दी। परिवार के सदस्यों ने बताया कि पूरे घटनाक्रम के दौरान महिलाएं और बच्चे चीखते रहे, लेकिन कोई मदद के लिए नहीं आया।
ये भी पढ़ें : बरकतउल्ला विश्वविद्यालय का नाम बदलने की प्रक्रिया तेज, ‘वाग्देवी भोजपाल विश्वविद्यालय’ प्रस्ताव को मिली मंजूरी
घटना की सूचना मिलते ही भैरवगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फरियादी की शिकायत पर बेरछी निवासी कालूसिंह सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी शैलेन्द्र राजावत ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। अगवा की गई युवती की तलाश के लिए भी छापेमारी शुरू कर दी गई है।