CM Mohan Yadav Ujjain Visit : उज्जैन जिले के खाचरौद में रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव संत श्री निजानंद धाम आश्रम पहुंचे। शुक्रवार को ग्राम चिरोला फंटा स्थित आश्रम में मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। उन्होंने आश्रम में श्री श्री 1008 सचिदानंद महाराज की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पुष्पांजलि दी। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर आश्रम में श्रद्धालुओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संत परंपरा और सनातन संस्कृति के महत्व को रेखांकित किया।
आश्रम पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सबसे पहले यहां स्थित शिव मंदिर में रुद्राभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने षोडशोपचार पूजन संपन्न किया। मुख्यमंत्री ने संत श्री निजानंद जी महाराज के गादी स्थल पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आरती में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने संतों की तपस्या और उनके द्वारा समाज को दिए गए आध्यात्मिक एवं सामाजिक संदेश को स्मरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे धार्मिक और आध्यात्मिक स्थल लोगों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संत श्री निजानंद आश्रम में आकर दर्शन और पूजन करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि यह स्थान देश, प्रदेश और मालवा की सनातन संस्कृति की महान विभूतियों की आलौकिक आभा से परिचित कराता है। संतों के आशीर्वाद से हम सभी को सद्कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री निजानंद जी महाराज के बाद स्वामी सचिदानंद जी महाराज ने इस स्थान की चेतना को आगे बढ़ाते हुए पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक रूप से चैतन्य किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संतों की मूल भावना सभी के कल्याण की रही है। उन्होंने कहा कि हम अपने कार्यों के साथ संतों के बताए मार्ग पर चलते हुए ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ के भाव को जीवन में धारण करें। उन्होंने सभी के सुख, शांति और कल्याण की कामना करने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने आश्रम में सचिदानंद महाराज के शिष्य श्री विवेक महाराज से भी मुलाकात की और संत परंपरा से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री के आश्रम दौरे के दौरान नागदा-खाचरौद क्षेत्र के विधायक डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर राजेश धाकड़, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी, श्री नरेश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उपस्थित थे। रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री के संत श्री निजानंद धाम पहुंचने से आश्रम में धार्मिक माहौल बना रहा। मुख्यमंत्री ने संतों को नमन करते हुए प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।