Seoni Love Jihad Case: सिवनी जिले में आईटीआई छात्र सोहेल के साथ कथित मारपीट का मामला अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। इस मामले में अब एक छात्रा सामने आई है, जिसने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर सोहेल पर दोस्ती के बाद धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बनाने सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
छात्रा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि सोहेल ने पहले उससे दोस्ती की, फिर कथित तौर पर धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बनाया। शिकायत के अनुसार, आरोपी लगातार व्हाट्सऐप पर मैसेज भेजता था, उसका पीछा करता था, रास्ता रोकता था और विरोध करने पर उसे तथा उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देता था।
छात्रा ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि महिला थाना और कोतवाली थाना सिवनी को भी भेजी गई है। इससे पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर आईटीआई छात्र सोहेल के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। पुलिस अब तक इस मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि शेष आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब मारपीट और छात्रा की शिकायत—दोनों पहलुओं की अलग-अलग जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।इस बीच मामला राजनीतिक रंग भी लेने लगा है। एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन रजा के सिवनी पहुंचने की सूचना है। वहीं कांग्रेस ने भी प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें : मध्य प्रदेश में अटैच शिक्षकों पर सख्ती की तैयारी, मंत्रालय से लेकर कलेक्टर कार्यालय तक से मांगी गई सूची
दूसरी ओर, विभिन्न हिंदू संगठनों ने भी मामले पर अपनी प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया है। फिलहाल पुलिस ने किसी भी पक्ष के आरोपों की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।