प्रदर्शनकारी महिलाएं (फोटो सोर्स- नवभारत) 
सागर

सागर में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का हल्लाबोल, महाराजपुर थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग, आंदोलन की दी चेतावनी

Women Against Illegal Liquor : सागर के देवरी क्षेत्र में कथित अवैध शराब बिक्री के विरोध में सैकड़ों महिलाएं महाराजपुर थाने पहुंचीं। महिलाओं ने कार्रवाई नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।

प्रीतेश जैन

Sagar Illegal Liquor Protest : सागर जिले के देवरी क्षेत्र में कथित अवैध शराब कारोबार के खिलाफ महिलाओं का गुस्सा सड़कों पर दिखाई दिया। गांव में अवैध शराब की बिक्री से परेशान सैकड़ों महिलाएं महाराजपुर थाने पहुंचीं और पुलिस को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगी।

मामला देवरी तहसील के महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत धुलतारा के मड़वा खमरा गांव का है। बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एकजुट होकर थाने पहुंचीं और गांव में कथित रूप से चल रहे अवैध शराब कारोबार को बंद कराने की मांग की। महिलाओं का कहना था कि शराब की अवैध बिक्री से गांव का सामाजिक माहौल लगातार खराब हो रहा है और कई परिवार इसकी वजह से प्रभावित हो रहे हैं।

खुलेआम बिक रही अवैध शराब

महिलाओं ने आरोप लगाया कि गांव में रतन गोंड खुलेआम अवैध शराब बेच रहा है और उसे राजकुमार पटेल का संरक्षण प्राप्त है। उनका कहना है कि जब उन्होंने इस कारोबार का विरोध किया तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और गाली-गलौज कर डराने-धमकाने का प्रयास किया गया। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

शराब की वजह से हो रहे घरेलू विवाद

ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि अवैध शराब की वजह से घरेलू विवाद बढ़ रहे हैं। कई परिवार आर्थिक और सामाजिक संकट का सामना कर रहे हैं, जबकि महिलाओं और बच्चों पर इसका सबसे अधिक असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस कारोबार पर रोक नहीं लगी तो गांव की स्थिति और खराब हो सकती है। महिलाओं ने यह भी बताया कि उन्होंने इस मामले की शिकायत पहले मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर भी दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण उन्हें मजबूर होकर थाने पहुंचकर प्रदर्शन करना पड़ा।

पुलिस ने दिया कार्रवाई का भरोसा

महाराजपुर थाना प्रभारी ने महिलाओं का ज्ञापन प्राप्त कर मामले की निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं महिलाओं ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि अवैध शराब के कारोबार पर रोक नहीं लगाई गई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वे आने वाले दिनों में बड़े जनआंदोलन की शुरुआत करेंगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

PM Narendra Modi 25 Years Live: जनसेवा के 25 साल पूरे, दिल्ली के श्री विनायक मंदिर में पीएम मोदी ने की पूजा

राहुल और प्रियंका गांधी समेत कई सांसदों के खिलाफ FIR, आकाशवाणी कार्यालय में जबरन घुसने का आरोप

25 साल का सफर... गुजरात से दिल्ली तक, पीएम मोदी आज विकसित भारत संकल्प सभा में सुनाएंगे अपनी कहानी

PM नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे, श्री विनायक मंदिर में की पूजा-अर्चना, नेताओं ने दी बधाई

भारत-स्विट्जरलैंड आर्थिक साझेदारी होगी मजबूत! वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और गाय पार्मेलिन की अहम बैठक