सागर-खुरई में भारी बारिश का असर फोटो सोर्स- नवभारत
सागर

सागर-खुरई में भारी बारिश से 3 प्रमुख मार्ग बंद, उफान पर पुलिया और नदियां, कई जगहों पर फंसे लोग

Sagar Rain News : सागर के खुरई में लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गए। तीन प्रमुख ग्रामीण मार्गों पर पुलियों के ऊपर पानी बहने से आवागमन बाधित रहा और लोगों को लौटना पड़ा।

सरजू पटेल, प्रीतेश जैन

Khurai Heavy Rain News : सागर जिले के खुरई क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। लगातार बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। पानी के तेज बहाव के कारण खुरई क्षेत्र के तीन प्रमुख ग्रामीण मार्गों पर आवागमन बाधित हो गया। कई जगह पुलिया के ऊपर से पानी बहने के कारण लोगों को रास्ते में ही रुकना पड़ा, जबकि कुछ लोग वापस लौट गए।

सबसे ज्यादा परेशानी सिलोधा-प्यासी मार्ग पर देखने को मिली, जहां पुलिया के ऊपर से पानी बहने लगा। तेज बहाव के चलते इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। इसके बावजूद कुछ लोग जोखिम उठाकर पुलिया पार करने की कोशिश करते नजर आए, जबकि अधिकांश लोगों ने पानी कम होने का इंतजार करना ही बेहतर समझा।

राखी बाधने जा रहे भाई को लौटना पड़ा

रक्षाबंधन के मौके पर उफनती पुलिया ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। प्यासी गांव निवासी ओम पटेल अपनी बहन के घर राखी बंधवाने जा रहे थे, लेकिन पुलिया के ऊपर पानी का बहाव तेज होने के कारण उन्हें रास्ते से वापस लौटना पड़ा। ओम पटेल के साथ कई अन्य लोग भी रास्ता खुलने का इंतजार करते रहे। पानी का बहाव कम नहीं होने के कारण ग्रामीणों को काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा।

बेरी गांव के पास नरेन नदी उफान पर

लगातार बारिश के कारण खुरई-रजवांस रोड पर बेरी गांव के पास नरेन नदी का जलस्तर भी बढ़ गया। नदी के उफान पर आने से इस मार्ग पर भी आवागमन बंद हो गया। इसी तरह खुरई-राहतगढ़ मार्ग पर माला घाट के पास बीना नदी का जलस्तर बढ़ने से रास्ता प्रभावित रहा। दोनों मार्गों पर पानी बढ़ने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

रात तक तीनों मार्गों पर बनी रही परेशानी

शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात तक तीनों स्थानों पर आवागमन प्रभावित रहा। लगातार बारिश जारी रहने के कारण ग्रामीणों को पानी उतरने का इंतजार करना पड़ा। जलस्तर दोबारा बढ़ने की आशंका के चलते लोगों में चिंता भी बनी हुई है।

हर साल पैदा हो जाती है ऐसी स्थिति

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में इन मार्गों पर नदी और पुलिया के ऊपर पानी आने से हर साल आवागमन प्रभावित होता है। ऐसे में तेज बारिश के दौरान प्रशासन को संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ानी चाहिए। ग्रामीणों ने मांग की है कि तेज बहाव के दौरान पुलिया और नदी वाले रास्तों पर लोगों की आवाजाही पूरी तरह रोकने की व्यवस्था की जाए, ताकि किसी तरह की दुर्घटना को टाला जा सके।

न्यायपालिका को बदनाम करने की कोशिश! SCBA ने निखिल वागले और संजय राउत के खिलाफ दायर की अवमानना याचिका

पति के दूसरी महिलाओं से संबंध, विरोध करने पर की मारपीट; उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या का रोते हुए VIDEO वायरल

Delhi Protest: दिपके के तिरंगा मार्च से पहले सेंट्रल पार्क बंद, हाई कोर्ट का रोक लगाने से इनकार

प्रदर्शन से प्रभावित हो रहा व्यापार, जरूरत के सामानों के लिए भी इंतजार; दिल्ली से बेंगलुरु तक नाराजगी

SIR के बाद अब SSR की तैयारी, यूपी समेत 17 राज्यों में वोटर लिस्ट होगी अपडेट; जानें दोनों में क्या है अंतर