यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन फोटो सोर्स- सोशल मीडिया
रीवा

डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के घर का घेराव, युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष समेत 6 पर FIR, पटवारी ने साधा निशाना

Rewa Youth Congress Protest: रीवा में डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के आवास घेराव मामले में युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार समेत 6 पर FIR हुई। जीतू पटवारी ने सरकार पर हमला बोला।

अर्पित पाण्डेय, प्रीतेश जैन

Rewa Rajendra Shukla House Gherao : रीवा में डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के निजी आवास का घेराव करने के मामले में पुलिस ने युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार समेत 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। सभी के खिलाफ अमहिया थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। कार्रवाई के बाद कांग्रेस ने सरकार पर हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्रदर्शन का समर्थन करते हुए स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के इस्तीफे की मांग दोहराई है।

दरअसल, संजय गांधी अस्पताल में प्रसूता कल्पना मिश्रा और उसके नवजात बच्चे की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के निजी आवास का घेराव किया था। इस दौरान कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए आवास के भीतर प्रवेश करने का प्रयास करते नजर आए थे। मौके पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी भी हुई थी। इसके बाद अब पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

बीजेपी और व्यापारी संघ ने IG को सौंपा ज्ञापन

घटना के विरोध में बीजेपी नेताओं और व्यापारी संघ की ओर से आईजी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में डिप्टी सीएम के आवास का घेराव करने और पुलिस के साथ झूमाझटकी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। इसके बाद अमहिया थाना पुलिस ने युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार समेत 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

कांग्रेस बोली- सरकार के खिलाफ विरोध नेताओं के घर तक पहुंचा

FIR के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस ने X पर पोस्ट कर सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस ने लिखा कि सरकार के खिलाफ विरोध अब सड़क से निकलकर नेताओं के घर तक पहुंच रहा है। पार्टी ने स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के रवैये पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। कांग्रेस ने दावा किया कि अस्पतालों में डॉक्टर समय पर मौजूद नहीं रहते और एम्बुलेंस की व्यवस्था भी प्रभावित है। पार्टी ने रीवा के सरकारी अस्पतालों में सामने आ रही कथित लापरवाही का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी कीमत मासूम बच्चों और उनके परिवारों को जान देकर चुकानी पड़ रही है।

युवा कांग्रेस ने मांगा स्वास्थ्य मंत्री का इस्तीफा

कांग्रेस ने अपने पोस्ट में बताया कि युवा कांग्रेस ने प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के निवास का घेराव कर उनके इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान NSUI के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंजुल त्रिपाठी, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अनूप चंदेल समेत कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस ने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की है।

जीतू पटवारी बोले- झूठे मुकदमे की आड़ में डर छिपा रही सरकार

मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी प्रदर्शन और FIR को लेकर X पर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लिखा कि उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के उदासीन रवैये के कारण प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। पटवारी ने युवा कांग्रेस के प्रदर्शन का समर्थन करते हुए स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने FIR को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार झूठे मुकदमों की आड़ में अपने डर और कथित अपराधों को छिपाने की कोशिश कर रही है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

अमहिया थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं, प्रदर्शनकारियों की भूमिका और पुलिस के साथ हुई झूमाझटकी से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। वहीं, कांग्रेस की ओर से FIR को लेकर सरकार पर लगातार राजनीतिक हमला किया जा रहा है। अब इस मामले में पुलिस की जांच और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर रहेगी।

IAS vs IES: सैलरी एक, लेकिन पावर और जिम्मेदारियां अलग; जानिए कौन-सी सेवा आपके लिए बेहतर

सत्य निकेतन हादसा: CM रेखा गुप्ता ने पीड़ितों से की मुलाकात, परिवारों को दिया हर संभव मदद का दिया आश्वासन

PM Modi Gujarat Visit Live: पीएम मोदी का वडोदरा दौरा, विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे

सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे में पुलिस ने दर्ज की FIR, मालिकों पर गंभीर आरोप, कमजोर नींव के बावजूद किया निर्माण

दिल्ली में मणिपुरी संगीत शिक्षक का हत्या, शोर मचाने से रोकने हुआ विवाद, नाबालिगों समेत 8 आरोपी गिरफ्तार