MP Pre Monsoon Rain Crop Damage: मध्य प्रदेश में मानसून से पहले ही मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। भोपाल, इंदौर, गुना समेत कई जगहों पर बारिश और तेज आंधी चली। बता दें कि, इस बदलते मौसम से किसानों को नुकसान पहुंच रहा है। दरअसल, नर्मदापुरम जिले की सिमीमालवा तहसील के ग्राम कोटला खेड़ी में देर शाम हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
करीब आधे घंटे से अधिक समय तक हुई तेज बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि के कारण खेतों में काटकर रखी मूंग की फसल भीग गई, जिससे फसल की गुणवत्ता प्रभावित होने और बाजार में कम दाम मिलने की आशंका जताई जा रही है।
नर्मदापुरम जिले के किसान पवन जाट ने बताया कि मूंग की फसल काटकर सुखाने के लिए खेतों में रखी गई थी लेकिन अचानक मौसम बदलने से तेज हवा और बारिश ने पूरी फसल को भिगो दिया। बताया कि क्षेत्र में बड़ी मात्रा में मूंग की खेती की गई है और बारिश से कटी हुई फसल को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ गया है।
बारिश के कारण खेतों में कीचड़ की स्थिति बन गई है, जिससे फसल कटाई का कार्य भी प्रभावित हो रहा है। कई स्थानों पर मूंग की कटाई कर रहे हार्वेस्टर कीचड़ में फंस गए हैं, जिसके चलते किसानों को अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार बारिश के दौरान कुछ क्षेत्रों में ओले भी गिरे, जिससे खड़ी फसल को भी नुकसान पहुंचा है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम इसी तरह बना रहा तो नुकसान और बढ़ सकता है। एक ओर जहां इस बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ दिखाई दे रही हैं। किसान अब मौसम साफ होने और फसल को जल्द सुरक्षित करने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
यह भी पढ़ें: जबलपुर लोकायुक्त ने रिश्वत लेते हए पटवारी को रंगे हाथों दबोचा, इन धाराओं के तहत केस दर्ज; जानें पूरा मामला
बता दें कि आज राजधानी भोपाल में भी पूरे दिन बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं के चलते मौसम सुहावना बना रहा तथा तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं सीहोर में दोपहर बाद तेज बारिश का दौर चला।