Itarsi Junction Rail Accident: इटारसी रेलवे जंक्शन पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा होते-होते टल गया। प्लेटफॉर्म नंबर-4 से इंटरसिटी एक्सप्रेस रवाना हो रही थी, तभी 25 वर्षीय महिला अपने तीन वर्षीय बेटे के साथ चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करने लगी। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह बच्चे सहित ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच ट्रैक पर गिर गई। पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
जबलपुर के बिलपुरा मड़ाई की रहने वाली अंजलि कश्यप अपने बेटे के साथ ट्रेन से यात्रा कर रही थीं। ट्रेन के रवाना होने के दौरान उन्होंने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन अचानक उनका पैर फिसल गया।
बता दें कि अंजलि कश्यप का पैर फिसलते ही जैसे ही संतुलन बिगड़ा वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गईं और ट्रैक पर गिर पड़ीं। हादसे में उनका एक पैर जांघ के पास से कट गया, जबकि दूसरे पैर का पंजा भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होकर कट गया। घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बता दें कि इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
हादसे के दौरान महिला का बेटा भी उसके साथ ट्रैक पर गिर गया था। गनीमत रही कि बच्चे की जान बच गई और उसे केवल पीठ पर मामूली चोटें आईं। घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यात्रियों ने तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन को रुकवाया, जिसके बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेल कर्मचारी मौके पर पहुंचे। रेलवे स्टाफ ने सफाई कर्मचारियों की मदद से घायल महिला को ट्रैक से बाहर निकाला। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए एंबुलेंस का इंतजार नहीं किया गया और उसे बच्चे सहित तत्काल निजी ऑटो से शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें: मुरैना में लड़की देखने आए युवक की कार को रास्ते में रोक नकाबपोश बदमाशों ने किया हमला; चेन-अंगूठी लूटकर फरार
यह हादसा यात्रियों के लिए एक गंभीर चेतावनी के रूप में सामने आया है। रेलवे अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश न करें। अधिकारियों का कहना है कि थोड़ी सी असावधानी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है और इससे जान-माल का गंभीर नुकसान हो सकता है। यात्रियों को हमेशा ट्रेन के पूरी तरह रुकने के बाद ही सुरक्षित तरीके से चढ़ने या उतरने की सलाह दी गई है।