Morena Landlord Rape Case : मुरैना शहर की दुर्गा विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रहने वाली 26 वर्षीय महिला ने अपने मकान मालिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि मकान मालिक ने नहाने के दौरान चोरी-छिपे उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर कथित तौर पर कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने पति के साथ सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार महिला वर्ष 2023 से अपने दो बच्चों के साथ दुर्गा विहार कॉलोनी स्थित आरोपी के मकान में किराए पर रह रही थी। महिला का पति ड्राइवर है और काम के सिलसिले में अक्सर घर से बाहर रहता था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने महिला के अकेले होने का फायदा उठाया।
महिला के अनुसार मार्च महीने में वह बाथरूम में नहा रही थी, तभी मकान मालिक ने कथित तौर पर चोरी-छिपे उसके फोटो खींचे और वीडियो बना लिए। महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि इसके बाद आरोपी ने इन फोटो और वीडियो को अपने पास रखकर उसे लगातार धमकाना शुरू कर दिया।
शिकायत के मुताबिक 16 मार्च को आरोपी होली मिलन के बहाने महिला के कमरे में पहुंचा। आरोप है कि उसने महिला को कथित आपत्तिजनक फोटो और वीडियो दिखाए तथा सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता का आरोप है कि इसी धमकी और दबाव के चलते आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने 10 अप्रैल सहित अन्य अवसरों पर भी धमकी देकर दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया है।
लगातार धमकियों और कथित प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने किराए का मकान छोड़ दिया और अपने मायके चली गई। बाद में जब उसका पति सूरत से मुरैना लौटा तो महिला ने उसे पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों सिविल लाइन थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी मकान मालिक के खिलाफ दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस जांच के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।