कार में पत्थर से तोड़फोड़ करता युवक फोटो सोर्स- नवभारत
मुरैना

मुरैना में कार को पत्थर-सरियों से किया चकनाचूर, जलाने ले जा रहे थे आरोपी, पुलिस ने बचाया

Morena Police Action : मुरैना में बाइक से कार टकराने के बाद विवाद बढ़ गया। युवकों की भीड़ ने कार को पत्थर-सरियों से चकनाचूर कर दिया और जलाने ले गए। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया।

योगेश पाराशर, प्रीतेश जैन

Morena Car Vandalism : बाइक से कार टकराने के बाद मुरैना में विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों की भीड़ ने कार सवारों के साथ मारपीट कर उनकी कार में जमकर तोड़फोड़ कर दी। आरोप है कि भीड़ ने कार पर पत्थरों और सरियों से हमला किया और बाद में उसे जलाने के लिए कब्रिस्तान के पास ले गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में लेकर दो युवकों को हिरासत में लिया है।

जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर भाजपा नेता मुकेश परमार के भतीजे शैलू परमार और उनके बेटे के साले नीतेश सिकरवार को ड्राइवर हरिओम शर्मा कार से रक्षाबंधन की खरीदारी के लिए बाजार लेकर जा रहा था। कार केएस चौराहा से कृषि मंडी रोड की ओर जा रही थी। करीब 100 मीटर आगे जाने के बाद कार की सामने जा रही बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

साथियों को बुलाकर कार को घेरा, शुरू कर दी मारपीट

टक्कर के बाद बाइक सवार युवकों ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में युवकों की भीड़ ने कार को चारों तरफ से घेर लिया। आरोप है कि भीड़ ने कार में सवार लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद पत्थरों और सरियों से कार पर हमला किया गया। देखते ही देखते कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आरोपियों ने कार की छत तक सरिए घोंप दिए।

कब्रिस्तान के पास ले जाकर कार में तोड़फोड़

कार में तोड़फोड़ के बाद भी भीड़ का गुस्सा शांत नहीं हुआ। आरोप है कि युवक कार को कब्रिस्तान के पास लेकर पहुंचे, जहां एक बार फिर उसमें जमकर तोड़फोड़ की गई। बताया जा रहा है कि कार को आग के हवाले करने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए कार को अपने कब्जे में ले लिया।

दो युवकों को हिरासत में लिया, जांच शुरू

पुलिस ने मामले में दो युवकों को हिरासत में लिया है। कार तोड़फोड़ और उसे जलाने की तैयारी के मामले में भाजपा नेता परवेज खान के बेटे सोहेल खान और उसके साथी आदिल खान का नाम सामने आया है। बताया जा रहा है कि सोहेल ही कार को केएस चौराहा से कब्रिस्तान के पास तक चलाकर ले गया था। पुलिस दोनों से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

नीतेश सिकरवार की गुमशुदगी को लेकर भी आरोप

घटना के बाद भाजपा नेता मुकेश परमार ने आरोप लगाया कि उनके बेटे के साले नीतेश सिकरवार का अभी पता नहीं चल रहा है। उनका दावा है कि नीतेश का मोबाइल आरोपी युवकों के पास है और फोन करने पर उन्हें धमकी और गालियां दी जा रही हैं। हालांकि इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। घटना के बाद कोतवाली थाने में बड़ी संख्या में लोग भी पहुंच गए।

वायरल वीडियो के आधार पर भी जांच कर रही पुलिस

कार में तोड़फोड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो, मौके पर मौजूद लोगों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल पुलिस ने कार को अपने कब्जे में लेकर पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों और शिकायत के आधार पर की जाएगी।

जो खेले, वो खिले से मेजर ध्यानचंद तक, PM मोदी ने बताया कैसे बदलेगा भारत का स्पोर्ट्स इकोसिस्टम

9:05 को आया मैसेज, 9:14 पर टूटा संपर्क; नेपाल में ईशा फाउंडेशन के 80 कैलाश यात्री लापता, सद्गुरु ने मांगी मदद

राजस्थान HC विवाद पर CJI का बड़ा बयान, मीडिया ट्रायल से नहीं, संस्थागत जांच से तय होगा सच

Explainer: 65 करोड़ रुपये महीना किराया, फिर भी भारत ने क्यों लिया MQ-9B ड्रोन? जानिए इसकी खासियत और जरूरत

आंध्र प्रदेश के पलनाडू में भीषण हादसा, बस और ऑटो में जोरदार टक्कर में 7 लोगों की दर्दनाक मौत