Ambah Bulldozer Action Controversy: मुरैना जिले के अंबाह नगर में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर पालिका की टीम को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। वार्ड नंबर एक स्थित कुशवाह मोहल्ले में नाले-नालियों पर किए गए पक्के अतिक्रमण को हटाने के लिए सोमवार को नगर पालिका का मदाखलत दस्ता बुलडोजर लेकर पहुंचा था।
कार्रवाई के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि नगर पालिका कर्मचारियों के साथ अभद्रता और मारपीट के आरोप लगे। वहीं मौके पर पहुंचे एक पार्षद के साथ भी मारपीट की घटना सामने आई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अंबाह के वार्ड नंबर एक स्थित कुशवाह मोहल्ले में लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों द्वारा नगर पालिका को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि नाले-नालियों के ऊपर किए गए पक्के निर्माण और अतिक्रमण के कारण सफाई कार्य प्रभावित हो रहा है। इसी के चलते सोमवार को स्वच्छता पर्यवेक्षक रोहित सिंह के नेतृत्व में नगर पालिका का मदाखलत दस्ता बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंचा। टीम ने नालों पर बने चबूतरे और शौचालयों को हटाने की कार्रवाई शुरू की।
नगर पालिका की कार्रवाई शुरू होते ही कुछ स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि बृजेंद्र कुशवाह, पप्पू कुशवाह समेत पांच-छह लोगों ने बुलडोजर के सामने खड़े होकर कार्रवाई रोकने का प्रयास किया। नगर पालिका कर्मचारियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ गया। कर्मचारियों का आरोप है कि विरोध कर रहे लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और मारपीट भी की। इतना ही नहीं, बुलडोजर की चाबी खींच लेने की बात भी सामने आई है, जिससे कुछ समय के लिए कार्रवाई बाधित हो गई।
विवाद के दौरान स्थानीय पार्षद कदम सिंह कुशवाह भी मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान युवक मनीष त्यागी ने पार्षद के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। पार्षद द्वारा विरोध करने पर विवाद और बढ़ गया। शिकायत के मुताबिक मनीष त्यागी ने पार्षद के साथ लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे उन्हें अंदरूनी चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
घटना के बाद नगर पालिका कर्मचारी और पार्षद दोनों थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दी। पार्षद कदम सिंह कुशवाह की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मनीष त्यागी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं नगर पालिका कर्मचारियों ने भी कार्रवाई में बाधा डालने, अभद्रता और मारपीट के आरोप लगाते हुए आवेदन सौंपा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।