Highlights:
खंडवा-तुकाईथड़ रेल मार्ग पर करीब 10 साल बाद स्पेशल यात्री ट्रेन का ट्रायल हुआ।
ट्रेन सुबह 8:15 बजे खंडवा से तुकाईथड़ के लिए रवाना हुई।
मार्च 2024 में ब्रॉडगेज का काम पूरा होने के बाद भी नियमित ट्रेन शुरू नहीं हुई।
अधूरे विद्युतीकरण के कारण खंडवा-सनावद मेमू के विस्तार में अड़चन बताई गई।
डेमू या शटल सेवा शुरू करने की संभावनाओं पर प्रयास जारी, नियमित संचालन की तारीख स्पष्ट नहीं।
Khandwa Passenger Train : करीब 10 साल से यात्री ट्रेन का इंतजार कर रहे खंडवा-तुकाईथड़ रेल मार्ग के यात्रियों के लिए सोमवार का दिन उम्मीद लेकर आया। नांदेड़ रेल मंडल ने इस रेलखंड पर स्पेशल यात्री ट्रेन चलाकर ट्रायल किया। ट्रेन के खंडवा पहुंचने पर रेलवे अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। लंबे समय बाद यात्री ट्रेन देखकर मार्ग के बीच आने वाले स्टेशनों के ग्रामीणों में खुशी दिखाई दी।
नांदेड़ रेल मंडल की स्पेशल ट्रेन सुबह 7:45 बजे खंडवा पहुंची और सुबह 8:15 बजे तुकाईथड़ के लिए रवाना हुई। वापसी में ट्रेन दोपहर 1 बजे खंडवा पहुंची। ट्रेन के साथ नांदेड़ रेल मंडल के असिस्टेंट ऑपरेटिंग मैनेजर श्रीनिवास सूर्यवंशी, मंडल वाणिज्य प्रबंधक ऋतिक कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
खंडवा जिले के सांसद प्रतिनिधि सुनील जैन और जेडआरयूसीसी सदस्य मनोज सोनी ने खंडवा से तुकाईथड़ का पहला टिकट प्राप्त किया। इसके बाद ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। खंडवा पहुंचने पर सुनील जैन, मनोज सोनी और अन्य लोगों ने लोको पायलट व ट्रेन मैनेजर का पुष्पमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया।
जेडआरयूसीसी सदस्य मनोज सोनी और पूर्व रेल समिति सदस्य एवं प्रवक्ता सुनील जैन के अनुसार, खंडवा-अकोला ब्रॉडगेज परिवर्तन परियोजना के तहत खंडवा से तुकाईथड़ तक का काम मार्च 2024 में पूरा हो गया था। इसके बावजूद करीब ढाई साल बीतने के बाद भी क्षेत्र के लोगों को नियमित यात्री ट्रेन की सुविधा नहीं मिल सकी है। ऐसे में स्पेशल ट्रेन के ट्रायल से लोगों को नियमित सेवा शुरू होने की उम्मीद जगी है।
इस रेल मार्ग पर यात्री ट्रेन शुरू करने का मुद्दा खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेल बोर्ड के अधिकारियों, दक्षिण मध्य रेलवे के महाप्रबंधक और नांदेड़ मंडल के डीआरएम के सामने उठाया था। उन्होंने करीब 10 साल से बंद रेल मार्ग को दोबारा खोलकर यात्री ट्रेनें शुरू करने की मांग की थी। इसके बाद रेलवे ने खंडवा-तुकाईथड़ के बीच यात्री सेवा शुरू करने की दिशा में प्रयास तेज किए।
सुनील जैन ने बताया कि ब्रॉडगेज परियोजना के तहत वर्ष 2024 में निर्माण विभाग ने स्टेशनों पर केवल एक लाइन की पटरियां बिछाई थीं। उनके अनुसार, विद्युतीकरण सहित कुछ कार्य अधूरे रहने के बावजूद सीआरएस निरीक्षण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। उन्होंने कहा कि अधोसंरचना से जुड़े कार्य पूरे नहीं होने के कारण खंडवा-सनावद मेमू ट्रेन का तुकाईथड़ तक विस्तार नहीं हो पा रहा है।
सुनील जैन के मुताबिक, नांदेड़ रेल मंडल भुसावल मंडल की सहायता से डेमू ट्रेन या शटल सेवा शुरू करने की संभावनाओं पर प्रयास कर रहा है। हालांकि, सोमवार को हुए ट्रायल के बाद भी नियमित यात्री ट्रेन सेवा कब से शुरू होगी, इस बारे में रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट जानकारी नहीं दी। ऐसे में क्षेत्र के ग्रामीणों को अब नियमित ट्रेन संचालन के आधिकारिक ऐलान का इंतजार है।