Jabalpur Ranjhi Human Skull Recovery: जबलपुर के रांझी क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे एक मानव खोपड़ी मिलने की सूचना सामने आई। खोपड़ी देख स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और उन्होंने तुरंत रांझी थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही सीएसपी सतीश साहू पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई कर खोपड़ी को कब्जे में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक विशेषज्ञ भी इसके संबंध में साक्ष्य जुटाने में लगे हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्र में पड़ताल कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं निकट स्थित किसी कब्र से खोपड़ी बाहर तो नहीं आई या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
रांझी थाना क्षेत्र के रक्षा नगर स्थित फक्कड़ बाबा मंदिर के पास कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर वहां पड़े कचरे के ढेर पर गई, जहां उन्हें एक मानव खोपड़ी दिखाई दी। बच्चों ने तत्काल इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने देखा कि खोपड़ी के पास एक लाल कपड़ा भी पड़ा हुआ था। इसके बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
मानव खोपड़ी मिलने की जानकारी पाकर रांझी सीएसपी सतीश साहू भी मौके पर पहुंचे जिन्होंने स्थानीय लोगों से चर्चा की और जानकारी जुटाई, पुलिस को लोगों ने बताया कि यहां कबरबिज्जू नामक जानवरों का आतंक है जो मांस और हड्डियां खाते हैं, प्रथम दृष्टया संभावना है कि इन्हीं जानवरों द्वारा यह मानव खोपड़ी कहीं से लाई गई है। हालांकि पुलिस ने खोपड़ी को अपने कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
यह भी पढ़ें: जबलपुर के सिहोरा में रोंगटे खड़े करने वाला मंजर, जमीन विवाद के चलते टावर पर चढ़ी महिला- देखें VIDEO
वहीं कुछ लोगों ने आशंका जताई है कि मामला तंत्र-मंत्र से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल खोपड़ी को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है। गौरतलब है कि, मानव खोपड़ी ऐसी जगह पर मिली है जहां लोग रहते हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि आगे इस मामले में क्या मोड आता है।