शराब दुकान के बाहर प्रदर्शन करते हुए अभिषेक पाठक फोटो सोर्स- सोशल मीडिया
जबलपुर

जबलपुर में आंदोलन के नाम पर 50 हजार की मांग का आरोप, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष का ऑडियो वायरल, 4 महीने बाद खुलासा

Abhishek Pathak Audio : जबलपुर के धनवंतरी नगर में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अभिषेक पाठक पर आंदोलन रोकने के बदले 50 हजार रुपए मांगने का आरोप लगा है। कथित ऑडियो वायरल हो रहा है।

पवन पटेल, प्रीतेश जैन

Jabalpur Congress Leader Blackmailing Audio : जबलपुर के धनवंतरी नगर में आंदोलन और प्रदर्शन को लेकर सामने आए एक ऑडियो ने राजनीतिक गलियारों में सवाल खड़े कर दिए हैं। कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष अभिषेक पाठक पर शराब दुकान संचालक से आंदोलन नहीं करने के बदले 50 हजार रुपए मांगने का आरोप लगा है।

इस कथित बातचीत का ऑडियो अब वायरल हो रहा है। हालांकि, इस मामले में शराब दुकान संचालक की ओर से अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है और अभिषेक पाठक की तरफ से भी कोई सार्वजनिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

कर्मचारी ने किया था अभिषेक पाठक से संपर्क

मामला धनवंतरी नगर स्थित एक शराब दुकान से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, शराब दुकान संचालक आकर्ष जायसवाल के कर्मचारी नीरज श्रीवास्तव ने प्रदर्शन के बाद अभिषेक पाठक से संपर्क किया था। नीरज ने आंदोलन नहीं करने की बात कही थी। आरोप है कि इसी दौरान अभिषेक पाठक ने आंदोलन रोकने के बदले 50 हजार रुपए देने की मांग की।

40 हजार की पेशकश, 50 हजार पर अड़े रहने का आरोप

नीरज श्रीवास्तव उर्फ लक्की और अभिषेक पाठक के बीच हुई कथित फोन बातचीत का ऑडियो सामने आया है। इसमें नीरज दुकान संचालक की ओर से 40 हजार रुपए देने की पेशकश करता सुनाई दे रहा है, जबकि आरोप है कि अभिषेक 50 हजार रुपए की मांग पर कायम रहे। हालांकि, दुकान संचालक की ओर से यह रकम नहीं दी गई।

आंदोलन कर दुकान बंद कराने की कोशिश का दावा

आरोप है कि रकम नहीं मिलने के बाद अभिषेक पाठक ने आंदोलन जारी रखा और दुकान बंद करवाने का प्रयास किया। हालांकि, संबंधित दुकान शासकीय होने के कारण इसे बंद नहीं कराया जा सका। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर उस समय दुकान संचालक की ओर से पुलिस या प्रशासन में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।

चार महीने बाद सामने आया ऑडियो

घटना के करीब चार महीने बाद कथित ऑडियो वायरल होने के बाद नीरज श्रीवास्तव मीडिया के सामने आए और पूरे मामले का खुलासा किया। नीरज ने बातचीत और पैसे की मांग से जुड़े आरोप लगाए हैं। वायरल ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है, इसलिए इसमें कही गई बातों को आरोप के तौर पर ही देखा जा रहा है।

अब उठ रहे आंदोलन की राजनीति पर सवाल

मामला सामने आने के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या जनहित के मुद्दों को लेकर होने वाले आंदोलनों की आड़ में कहीं दबाव या अवैध वसूली का खेल तो नहीं चलता। हालांकि, इस मामले में आरोपों की स्वतंत्र जांच और ऑडियो की सत्यता की पुष्टि होना बाकी है। अभी तक अभिषेक पाठक की ओर से कोई स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है और कांग्रेस की ओर से भी कार्रवाई को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है।

Swatantra Bhardwaj Bail: स्वतंत्र भारद्वाज को मिली जमानत, कब आएगा जेल से बाहर?

दूसरे देशों के सर्टिफिकेट क्यों देखें? UCC पर उमर अब्दुल्ला का BJP पर हमला, बोले- संसद में साबित करें बहुमत

मजबूत लोकतंत्र के लिए आलोचना जरूरी, अदालती फैसलों पर CJI सूर्यकांत का बड़ा बयान, कहा- जनता का भरोसा जीते

BRICS डिनर में नहीं पहुंचे कांग्रेस के 3 CM, बांसुरी स्वराज ने घेरा, बोली- पार्टी का नहीं, भारत का मंच था

दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचा DUSU चुनाव का मामला, लिंगदोह कमेटी के नियमों में उल्लंघन का आरोप