Jabalpur Indigo Flight Emergency Landing: जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर उस समय हड़कंप मच गया, जब अहमदाबाद से रांची जा रही इंडिगो की एयरबस-320 फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में सवार एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर विमान को सुरक्षित जबलपुर एयरपोर्ट पर उतारा। हालांकि, अस्पताल में इलाज के दौरान यात्री की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल निवासी 29 वर्षीय सुदीप कुमार गौनिश अपनी बहन के साथ फेफड़ों की बीमारी के इलाज के लिए अहमदाबाद गए थे। इलाज के बाद दोनों इंडिगो की फ्लाइट से रांची लौट रहे थे। उड़ान के दौरान जब विमान जबलपुर के ऊपर पहुंचा, तभी सुदीप की तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गई।
सुदीप को सांस लेने में गंभीर परेशानी होने लगी। उनकी हालत बिगड़ती देख सहयात्रियों और परिजनों ने क्रू मेंबर्स को जानकारी दी और तत्काल चिकित्सा सहायता की मांग की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फ्लाइट के पायलट ने डुमना एयरपोर्ट के एटीसी से संपर्क किया और विमान की आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी।
एयर ट्रैफिक कंट्रोल से मंजूरी मिलने के बाद विमान को सुरक्षित जबलपुर एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइन स्टाफ ने तुरंत एम्बुलेंस की व्यवस्था की और सुदीप को शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान यात्री की मौत हो गई।
ये भी पढ़ें : ट्विशा शर्मा केस: जबलपुर से भोपाल लाया गया पति समर्थ सिंह, पुलिस आज कोर्ट में पेश कर मांगेगी रिमांड
डुमना एयरपोर्ट के प्रभारी डायरेक्टर नीरज गुडवानी ने बताया कि फ्लाइट सुबह 11:15 बजे अहमदाबाद से रवाना हुई थी और दोपहर 1:25 बजे रांची पहुंचने वाली थी। मरीज को अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया के चलते विमान करीब 50 मिनट तक जबलपुर एयरपोर्ट पर खड़ा रहा। बाद में अन्य यात्रियों को लेकर फ्लाइट रांची के लिए रवाना हो गई। उधर, अस्पताल में इलाज के दौरान रात में सुदीप की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजन सड़क मार्ग से रांची के लिए रवाना हो गए।