इंदौर में सड़क बदहाली को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन (सोर्स- नवभारत लाइव)
इंदौर

इंदौर में कीचड़ में बैठकर कांग्रेस का अनोखा विरोध; बॉम्बे हॉस्पिटल रोड की बदहाली पर खोला मोर्चा

Indore Congress Protest: इंदौर के बॉम्बे हॉस्पिटल के पास बदहाल सर्विस रोड पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में कीचड़ में बैठकर कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध।

अंशुल मुकाती, सजल रघुवंशी

Congress Protest Over Bad Roads In Indore: इंदौर में बॉम्बे हॉस्पिटल के समीप सर्विस रोड की बदहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर जमा कीचड़ के बीच बैठकर नगर निगम के खिलाफ नाराजगी जताई।

प्रदर्शनकारियों ने सड़क की दुर्दशा के लिए नगर निगम और भाजपा परिषद को जिम्मेदार ठहराते हुए जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। बारिश के बीच हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी भी की।

दो साल पहले ड्रेनेज के लिए खोदी सड़क, अब तक अधूरी

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि बॉम्बे हॉस्पिटल के पास सर्विस रोड को करीब दो साल पहले ड्रेनेज लाइन बिछाने के लिए खोदा गया था। काम पूरा होने के बाद सड़क का दोबारा निर्माण कराया जाना था, लेकिन लंबे समय बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। सड़क का बड़ा हिस्सा बदहाल होने के कारण बारिश के दिनों में लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि आखिर इतनी लंबी अवधि के बावजूद सड़क निर्माण क्यों नहीं कराया गया।

कीचड़ में फंस रहे वाहन, राहगीरों के लिए बढ़ा खतरा

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और पानी जमा हो रहा है। इससे दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई वाहन कीचड़ में फंस जाते हैं, जबकि पैदल गुजरने वाले लोगों के फिसलकर घायल होने का खतरा भी बना रहता है। स्थानीय रहवासियों को रोजाना इसी खराब सड़क से होकर निकलना पड़ रहा है।

महापौर और भाजपा परिषद के खिलाफ नारेबाजी

विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने महापौर और भाजपा परिषद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि शहर में विकास कार्यों के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर जरूरी सुविधाओं की स्थिति खराब है। कांग्रेस ने मांग की कि सर्विस रोड का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को राहत मिल सके।

पांच दिन का अल्टीमेटम, चक्काजाम की चेतावनी

शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने जिला प्रशासन को पांच दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि इस अवधि में सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर चक्काजाम आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि लंबे समय से समस्या झेल रहे लोगों की परेशानी अब और बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि समय सीमा में कार्रवाई नहीं हुई और आंदोलन की स्थिति बनी तो इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन और भाजपा परिषद की होगी।

इस्लाम में बुर्का नहीं, पर्दा जरूरी! इलाहाबाद हाईकोर्ट के हिजाब फैसले पर प्यारे खान का बड़ा बयान

अखिलेश के दावे इमरान मसूद का जवाब, बोले- राहुल गांधी और BJP के बीच असली लड़ाई, बाकी सब सहयोगी

जापान दौरे पर पीयूष गोयल का मेगा निवेश मिशन, टोयोटा-SMBC समेत दिग्गज कंपनियों से भारत में निवेश पर बड़ी चर्चा

Explainer: जिनपिंग के भारत आने पर क्यों छाया सस्पेंस? पहले भी दे चुके हैं धोखा, इस बार क्या है बीजिंग का इरादा

JPSC भर्ती घोटाले का सबसे बड़ा खुलासा! 12 लाख में बिकती थीं CDPO सीटें, CID के सामने अभय तिवारी का कबूलनामा