Chhatarpur SP Office Suicide Attempt: छतरपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में सोमवार को एक युवक ने हाथ की नस काटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। युवक की पहचान हरपालपुर निवासी शिवप्रताप सिंह राजपूत के रूप में हुई है। घटना के बाद उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि शिवप्रताप का मानसिक स्वास्थ्य संबंधी इलाज ग्वालियर में चल रहा है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वह पूर्व में न्यायालय परिसर में हुए विवादों और आक्रामक व्यवहार से जुड़े मामलों में शामिल रह चुका है।
जानकारी के मुताबिक शिवप्रताप सिंह राजपूत सोमवार को अपनी शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा था। उसका आरोप था कि उसके खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर गलत है और उसका परिवार पुलिस की प्रताड़ना झेल रहा है। शिकायत प्रस्तुत करने के दौरान वह कार्यालय परिसर स्थित शौचालय में गया, जहां उसने अपने हाथ की नस काट ली। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, युवक का नाम पहले भी विवादित घटनाओं में सामने आ चुका है। जानकारी मिली है कि मध्य प्रदेश के नोगांव न्यायालय परिसर में हुए एक गंभीर विवाद के दौरान उसने न्यायाधीश के साथ अभद्रता और मारपीट करने का प्रयास किया था। हालांकि, वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने समय रहते हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और न्यायाधीश की सुरक्षा सुनिश्चित की। पुलिस फिलहाल युवक से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: सीधी में हाथियों का खौफनाक तांडव, रात के अंधेरे में कच्चे मकान को ढहाकर बुजुर्ग दंपति को उतारा मौत के घाट
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि युवक जिन मामलों को लेकर शिकायत कर रहा है, उनका संबंध न्यायालय परिसर में हुए विवाद से है। यह प्रकरण न्यायालय कर्मचारियों की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था, जिसमें पुलिस शिकायतकर्ता पक्ष नहीं है। उन्होंने कहा कि युवक द्वारा लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। साथ ही नस काटकर आत्महत्या का प्रयास करने की घटना को देखते हुए उसकी मानसिक स्थिति और पृष्ठभूमि से संबंधित पहलुओं की भी विस्तृत पड़ताल की जा रही है।