Police Blunder Case: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पुलिस की जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस युवती को मृत मानकर पुलिस ने उसके पिता और भाई को हत्या के आरोप में जेल भेज दिया था, वही युवती अब जिंदा मिल गई है।
इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि बिना पुख्ता पहचान और डीएनए जांच के किसी को हत्या का आरोपी कैसे बना दिया गया। मामले ने जांच एजेंसियों की कार्यशैली और पहचान प्रक्रिया की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है।
मामला मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के खकनार थाना क्षेत्र स्थित खड़की गांव का है। यहां की रहने वाली शिवानी कलमेकर अप्रैल में अरुण नामक युवक के साथ अचानक लापता हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने 1 मई को खकनार थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी दौरान महाराष्ट्र के जलगांव जामोद इलाके में एक सिर कटी और जली हुई अज्ञात युवती का शव मिला। शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त था, जिससे उसकी पहचान कर पाना बेहद मुश्किल था। इसके बावजूद महाराष्ट्र पुलिस ने जल्दबाजी में उस शव को शिवानी का मान लिया और बिना डीएनए जांच या ठोस साक्ष्यों के हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि पुलिस ने शिवानी के पिता बापूराम कलमेकर और भाई अजय को ही हत्या का आरोपी मानते हुए गिरफ्तार कर लिया और दोनों को बुलढाणा जेल भेज दिया। लेकिन अब इस मामले में ऐसा मोड़ आया है, जिसने पूरी जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जिस युवती को दस्तावेजों में मृत घोषित कर दिया गया था, वही शिवानी अब जिंदा सामने आ गई। शिवानी अरुण नामक युवक के साथ पुलिस के सामने पेश हुई और उसने स्पष्ट रूप से कहा कि उसके पिता और भाई पूरी तरह निर्दोष हैं। इस खुलासे के बाद पुलिस की जल्दबाजी और जांच में बरती गई लापरवाही पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि जब युवती जिंदा थी, तो पुलिस ने किस आधार पर उसके पिता और भाई को हत्या का आरोपी बना दिया? बिना पहचान की पुष्टि और डीएनए जांच के किसी परिवार को अपराधी घोषित कर देना जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश ने उपार्जन में तोड़ा रिकॉर्ड, 1 लाख 3 हजार से ज्यादा गेंहू खरीदा गया; CM मोहन यादव ने कही बड़ी बात
इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस की कार्यशैली और जांच में बरती गई जल्दबाजी को कटघरे में खड़ा कर दिया है। खकनार थाना प्रभारी अभिषेक जाधव ने भी पुष्टि की है कि गुमशुदा युवती जीवित मिल गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।