Twisha Sharma Case Bhopal: भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच के बीच अब एक नया विवाद सामने आया है। मामले से जुड़े एक गवाह के साथ कथित मारपीट और दबाव बनाने की शिकायत ने जांच को और संवेदनशील बना दिया है। सूत्रों के मुताबिक, गवाह ने आरोप लगाया है कि उसे बयान बदलने और मामले से दूर रहने के लिए धमकाने की कोशिश की गई। शिकायत सामने आने के बाद जांच एजेंसियां इस पहलू को भी गंभीरता से देख रही हैं।
इधर, मामले की जांच कर रही सीबीआई लगातार साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। सोमवार को एजेंसी ने भोपाल के कटारा हिल्स स्थित घर में क्राइम सीन का रीक्रिएशन किया। इसके लिए ट्विशा के वजन के बराबर डमी, फंदा और अन्य सामग्री का उपयोग किया गया। इस दौरान आरोपी पति समर्थ सिंह और पूर्व जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह को भी मौके पर ले जाकर घटनाक्रम को दोहराया गया। सीबीआई यह समझने की कोशिश कर रही है कि 12 मई को आखिर क्या हुआ था और घटनाओं का क्रम क्या रहा।
ट्विशा शर्मा की मौत 12 मई को उनके ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। परिवार ने शुरू से ही दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न और साक्ष्य से छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं। मामले की गंभीरता और आरोपियों के प्रभावशाली पृष्ठभूमि को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद जांच सीबीआई को सौंपी गई थी।
सीबीआई पहले ही गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह से लंबी पूछताछ कर चुकी है। जांच एजेंसी ने अदालत में यह भी कहा है कि मामले में डिजिटल साक्ष्य, चोटों के निशान, कथित सबूतों से छेड़छाड़ और गवाहों के बयानों की बारीकी से जांच की जा रही है। हालिया घटनाक्रम में गवाह के साथ कथित मारपीट की शिकायत सामने आने के बाद अब जांच का दायरा और बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें: जबलपुर में आधी रात को अग्नि तांडव, अधारताल के कागज गोदाम में भड़की भीषण आग; 50 लाख से अधिक का सामान स्वाहा
मामले को लेकर देशभर में नजर बनी हुई है और ट्विशा शर्मा के परिवार की मांग है कि सभी गवाहों को सुरक्षा दी जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। वहीं CBI की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस केस में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।