Highlights :
एमपी में पिछले 72 घंटे से कई इलाकों में आंधी-बारिश का दौर जारी।
मौसम विभाग ने 15 जिलों में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया।
नीमच, मंदसौर, श्योपुर, शिवपुरी, गुना समेत 15 जिलों में बारिश की संभावना।
भोपाल और जबलपुर में मौसम साफ रहने और दिन में धूप निकलने का अनुमान।
IMD Weather Updates : एमपी में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है।कई हिस्सों में पिछले 72 घंटे से आंधी और बारिश का दौर जारी है। ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में भी बारिश दर्ज की गई है।
मौसम में आए बदलाव के चलते दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिली है। मौसम विभाग ने कई जिलों में गरज-चमक और बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान नीमच, मंदसौर, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, सिवनी और बालाघाट में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक और वज्रपात की आशंका भी है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
प्रदेश के पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और जबलपुर संभाग के कई जिलों में बादल छाने के साथ बारिश हुई है। शुक्रवार और शनिवार को बड़वानी जिले के सेंधवा, सीहोर और पीथमपुर में भी बारिश दर्ज की गई। रीवा और सागर संभाग के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहे।
राजधानी भोपाल में रविवार को मौसम साफ रहने और दिन में धूप खिलने का अनुमान है। हालांकि सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट से हल्की ठंडक महसूस हो सकती है। जबलपुर में भी मौसम साफ रहने और दिन में धूप निकलने की संभावना जताई गई है। शाम के समय तापमान गिरने से मौसम कुछ ठंडा हो सकता है।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस खंडवा में दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस पचमढ़ी में रिकॉर्ड हुआ। बारिश और बादलों के कारण कई इलाकों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 18 और 19 अक्टूबर को कुछ जिलों में आंधी-बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद मौसम में सुधार होने की संभावना है। वहीं, 20 अक्टूबर के बाद रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को बदलते मौसम के बीच सावधानी बरतने की जरूरत है।