4 IAS अधिकारियों के तबादले, भोपाल नगर निगम आयुक्त की बदली जिम्मेदारी।
रामप्रकाश अहिरवार बने भोपाल नगर निगम आयुक्त
संस्कृति जैन वित्त विभाग में उप सचिव नियुक्त, अंजू अरुण कुमार पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग भेजीं।
Madhya Pradesh IAS Officers Transfer Orders: मध्य प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल का सिलसिला जारी है। राज्य सरकार ने रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को चार आईएएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए। इस बदलाव में भोपाल और जबलपुर नगर निगम के आयुक्तों की जिम्मेदारी भी बदल दी गई है। संस्कृति जैन को भोपाल नगर निगम आयुक्त पद से हटाकर वित्त विभाग में उप सचिव बनाया गया है, जबकि रामप्रकाश अहिरवार को भोपाल नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है।
वहीं, अभिमन्यु कुमार को जबलपुर नगर निगम की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा अंजू अरुण कुमार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में नई जिम्मेदारी दी गई है।
राज्य सरकार के आदेश के मुताबिक, 2018 बैच के आईएएस अधिकारी रामप्रकाश अहिरवार को भोपाल नगर निगम का आयुक्त बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कंपनी लिमिटेड के अपर प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इससे पहले वह जबलपुर नगर निगम आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। उनके भोपाल स्थानांतरण के बाद जबलपुर नगर निगम में भी नए आयुक्त की नियुक्ति की गई है।
2015 बैच की आईएएस अधिकारी संस्कृति जैन को भोपाल नगर निगम आयुक्त के पद से हटाकर मध्य प्रदेश शासन के वित्त विभाग में उप सचिव बनाया गया है। वहीं, 2017 बैच की आईएएस अधिकारी अंजू अरुण कुमार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले स्मार्ट सिटी भोपाल की मुख्य कार्यपालन अधिकारी थीं। उनके पास भोपाल नगर निगम के अपर आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी था।
2020 बैच के आईएएस अधिकारी अभिमन्यु कुमार को जबलपुर नगर निगम का नया आयुक्त बनाया गया है। इससे पहले वह छिंदवाड़ा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर तैनात थे। इस फेरबदल के बाद भोपाल और जबलपुर, दोनों नगर निगमों में प्रशासनिक नेतृत्व बदल गया है। सरकार के इस फैसले से संबंधित विभागों और नगरीय प्रशासन में नई जिम्मेदारियों के तहत कामकाज आगे बढ़ेगा।
इससे पहले 13 अक्टूबर को मध्य प्रदेश सरकार ने कई जिलों के कलेक्टरों सहित 10 आईएएस अधिकारियों की पदस्थापनाओं में बदलाव किया था। हरदा, जबलपुर, रायसेन, सिंगरौली, शाजापुर, नर्मदापुरम और बालाघाट में नए कलेक्टर नियुक्त किए गए थे। उस फेरबदल में भिंड कलेक्टर किरोड़ी लाल मीना को वित्त विभाग में उप सचिव बनाया गया था, जबकि जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह को कृषि विपणन बोर्ड में प्रबंध संचालक की जिम्मेदारी मिली थी। अब पांच दिन बाद चार और अधिकारियों के तबादलों के साथ प्रदेश में प्रशासनिक बदलाव का दौर जारी है।