BJP का नए संगठनात्मक फॉर्मेट के लिए बैठक फोटो सोर्स - सोशल मीडिया
भोपाल

BJP में संगठन मजबूत करने के लिए 'दिल्ली का नया फॉर्मेट', शिवप्रकाश बोले- अंग्रेजों की तरह रखें रिकॉर्ड

BJP Gen Z Outreach Strategy : एमपी भाजपा में संगठनात्मक बदलाव की तैयारी। शिवप्रकाश ने नया फॉर्मेट पेश कर विपक्ष और धार्मिक स्थलों का रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए।

सुधीर दंडोतिया, शाजेब खान

Highlights :

  • शिवप्रकाश ने भाजपा पदाधिकारियों को 'दिल्ली का नया फॉर्मेट' समझाया।

  • जिलों में मंदिर मस्जिद और विपक्षी नेताओं की ताकत कमजोरी का रिकॉर्ड रखने के निर्देश।

  • चुनाव हारे प्रत्याशी और हारे हुए विधायक जिला कोर कमेटी से होंगे बाहर।

  • 25 साल से कम उम्र के युवाओं यानी Gen-Z को पार्टी से जोड़ने पर फोकस।

BJP New Organizational Format In MP : एमपी भाजपा संगठन में कामकाज के तरीके और बैठकों के ढांचे में बदलाव की तैयारी है। पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने प्रदेश पदाधिकारियों और संभाग प्रभारियों की बैठक में संगठन को मजबूत करने के लिए 'दिल्ली का नया फॉर्मेट' पेश किया। उन्होंने पदाधिकारियों को अपने क्षेत्र की राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों की पूरी जानकारी रखने की नसीहत दी।

इसके लिए अंग्रेजों की कार्यप्रणाली का उदाहरण देते हुए कहा कि अंग्रेज इसलिए शासन कर पाए क्योंकि उनके पास हर क्षेत्र का पूरा गजेटियर रहता था। उन्होंने पदाधिकारियों से भी इसी तरह अपने क्षेत्रों का रिकॉर्ड तैयार रखने को कहा। बैठक में कोर कमेटी की संरचना बैठकों के क्रम, युवाओं को जोड़ने और सेवा दूत अभियान को लेकर भी कई निर्देश दिए गए।

मंदिर मस्जिद से लेकर विपक्ष की ताकत कमजोरी तक का रखें रिकॉर्ड

शिवप्रकाश ने कहा कि संगठन के पदाधिकारियों को अपने जिलों की जमीनी हकीकत की पूरी जानकारी होनी चाहिए। इसमें मंदिर, मठ, मस्जिद और चर्च जैसे धार्मिक स्थलों के साथ साथ विरोधी दलों और उनके नेताओं की राजनीतिक मजबूती व कमजोरियों का रिकॉर्ड भी शामिल होना चाहिए। उन्होंने अंग्रेजों का उदाहरण देते हुए कहा, "अंग्रेजों ने इसलिए शासन किया क्योंकि उनके पास पूरा गजेटियर रहता था।

आप भी ऐसे ही काम करें।" उनका जोर इस बात पर रहा कि पदाधिकारी केवल बैठकों तक सीमित न रहें, बल्कि अपने क्षेत्र की सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों को समझकर संगठन के लिए काम करें।

अधिकारियों से काम कराने के साथ जनता का भरोसा भी बढ़ाएं

एमपी भाजपा संगठन बैठक में शिवप्रकाश ने पदाधिकारियों को अधिकारियों के साथ संवाद और व्यवहार को लेकर भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पदाधिकारी अपने काम और क्षेत्र की समस्याओं के लिए अधिकारियों पर दबाव बनाते हैं लेकिन उन्हें ये भी सुनिश्चित करना चाहिए कि अधिकारी ऐसी नीतियां और काम करें जिससे जनता का पार्टी पर विश्वास मजबूत हो।

उन्होंने जिलों में प्रवास के दौरान केवल बैठक करके लौटने के बजाय वहीं रुकने पुराने कार्यकर्ताओं से मिलने और उनकी बात सुनने पर जोर दिया। बैठकें समय पर शुरू करने और बैठक के दौरान मोबाइल फोन साइलेंट रखने की हिदायत भी दी गई।

कोर कमेटी से हारे हुए प्रत्याशी होंगे बाहर

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी की मौजूदगी में हुई बैठक में जिलों की कोर कमेटी की संरचना में बदलाव की जानकारी दी गई। नए फॉर्मेट के तहत चुनाव हारे प्रत्याशियों, हारे हुए विधायकों और जिलों में प्रकोष्ठों के संयोजकों को कोर कमेटी से बाहर किया जाएगा।

उनकी जगह जिलों के महामंत्रियों को शामिल करने की बात कही गई है। इस बदलाव के जरिए जिला स्तर पर संगठनात्मक जिम्मेदारियों को अधिक स्पष्ट करने की तैयारी है।

अब प्रदेश से बूथ तक ऊपर से नीचे होंगी बैठकें

भाजपा में मासिक बैठकों का क्रम भी बदला जा रहा है। पहले बैठकों की शुरुआत बूथ स्तर से होती थी,लेकिन नए फॉर्मेट में अब ये क्रम ऊपर से नीचे की ओर चलेगा। हर महीने 'मन की बात' कार्यक्रम के ठीक बाद सबसे पहले प्रदेश स्तर की बैठक होगी। इसके बाद जिला, मंडल, शक्ति केंद्र और अंत में बूथ स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। इस व्यवस्था के जरिए प्रदेश स्तर पर तय किए गए एजेंडे और संगठनात्मक निर्देशों को क्रमवार निचले स्तर तक पहुंचाने की योजना है।

दिसंबर में 'सेवा दूत' अभियान, Gen-Z पर भी फोकस

बैठक में 1 से 25 दिसंबर तक 'सेवा दूत' अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके तहत पुराने और वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं को विधानसभा क्षेत्रों में भेजा जाएगा। तय योजना के अनुसार, शहरी विधानसभा क्षेत्र में एक और ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में दो सेवा दूत नियुक्त किए जाएंगे। इसके लिए सूची तैयार की जा रही है। पार्टी ने 25 साल से कम उम्र के युवक युवतियों यानी Gen-Z को संगठन से जोड़ने पर भी जोर दिया है। इसके लिए विशेष कार्यक्रम तैयार करने और युवाओं के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में मीडिया टीम, आईटी सेल और निगम मंडलों के प्रतिनिधियों के साथ भी चर्चा हुई।

जिलों के रिक्त पदों पर जल्द होंगी नियुक्तियां

संगठनात्मक बैठक में जिलों से रिक्त पदों पर नियुक्तियों के लिए भेजे गए नामों पर भी चर्चा हुई। जानकारी के मुताबिक संगठन ने जिलों से आए नामों की सूची प्राप्त कर ली है। अगले दो से तीन दिनों में जिलों के सभी रिक्त पदों पर नियुक्तियों की घोषणा किए जाने की तैयारी है। इससे जिला स्तर पर संगठनात्मक ढांचे को पूरा करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

कावेरी के लिए कड़ा संघर्ष, तमिलनाडु में नदी की रेत में दफन हुए किसान, कर्नाटक सरकार की मेकेदातु बांध पर बवाल

FICCI के शताब्दी सम्मेलन में PM मोदी का संबोधन, बोले- पिछले 12 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था की तस्वीर बदली

पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का रास्ता साफ, SEIAA ने दी मंजूरी; ₹375.33 करोड़ से बनेगा 3,000 मीटर लंबा रनवे

रानी लक्ष्मीबाई: मातृशक्ति के साहस की वह गाथा, जिसने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी

रिकोव वेंचर्स ने जुटाए 56.25 करोड़ रुपये, महाराष्ट्र-कर्नाटक में रिसाइक्लिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार