भोपाल के ISBT में रविवार रात अचानक लगी भीषण आग।
वर्मा ट्रेवल्स की चार बसों समेत करीब आधा दर्जन बसें आग की चपेट में।
एसी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं।
Bhopal Fire: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) में रविवार रात अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में वर्मा ट्रेवल्स की चार बसों समेत आसपास खड़ी कई अन्य बसें भी आ गईं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अब तक करीब आधा दर्जन बसों में आग लग चुकी है।
आग बुझाने के लिए दमकल की कई गाड़ियों को मौके पर लगाया गया है। हालांकि, आग की लपटें तेज होने के कारण उसे काबू करने में मुश्किल आ रही है। एसी बसों में लगी भीषण आग के बाद ISBT परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि बस के एसी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी, लेकिन फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग लगने के सही कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
ACP अदिति सक्सेना ने कहा कि, "हम मामले की जांच कर रहे हैं। फिलहाल फायर ब्रिगेड की मदद से आग बुझाने की कोशिशें जारी हैं। और भी फायर इंजन रास्ते में हैं। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।"
रविवार रात आईएसबीटी परिसर में खड़ी एक बस में अचानक आग लगने की घटना सामने आई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास खड़ी अन्य बसें भी इसकी चपेट में आ गईं। कुछ ही समय में सात बसों में आग लग गई।
इनमें वर्मा ट्रेवल्स की बसें शामिल थीं, जो नागपुर, अहमदाबाद, सूरत जैसे विभिन्न मार्गों पर चलती थीं। बालाघाट, सिवनी और इंदौर रूट पर चलने वाली बसें भी आग की चपेट में आ गईं। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई बसें गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गईं।