बालाघाट में बाघ के हमले में किसान की मौत की आशंका (फोटो सोर्स- नवभारत)
बालाघाट

बालाघाट के पांडरवानी गांव में बाघ का आतंक, मवेशी चराने गए किसान की टाइगर अटैक में मौत

Balaghat News : बालाघाट के पांडरवानी गांव में बाघ के हमले की आशंका से किसान की मौत हो गई। दो मवेशी भी मृत मिले। वन विभाग ने गश्त बढ़ा दी है।

मनीष तिवारी, प्रीतेश जैन

Balaghat Tiger Attack Farmer Death: बालाघाट के खैरलांजी वन परिक्षेत्र के ग्राम पंचायत मिरगपुर के पांडरवानी गांव के सतीटोला में बाघ के हमले की आशंका से सनसनी फैल गई। गांव से लगे जंगल में मवेशी चराने गए करीब 50 वर्षीय किसान देवकराम बाघमारे की संदिग्ध वन्यप्राणी हमले में मौत हो गई। घटनास्थल के पास एक गाय और उसका बछड़ा भी मृत मिले हैं। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक देवकराम खेती-किसानी का काम करते थे। 9 अगस्त की दोपहर वह एक गाय और उसके बछड़े को चराने के लिए गांव से लगे जंगल की ओर गए थे। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रात तक आसपास के इलाकों में खोजबीन के बावजूद उनका पता नहीं चल सका।

बाघ के हमले की आशंका

10 अगस्त की सुबह परिजन और ग्रामीण दोबारा जंगल की ओर पहुंचे। गांव के श्मशान घाट से लगे घने जंगल में अंदर जाने पर उन्हें एक गाय और उसका बछड़ा मृत अवस्था में मिला। कुछ दूरी पर देवकराम का शव भी खून से लथपथ हालत में मिला। घटनास्थल के आसपास वन्यप्राणी के पंजों के निशान और हमले के चिन्ह मिलने की बात सामने आई है। इसके बाद ग्रामीणों ने बाघ के हमले की आशंका जताई।

वन विभाग और पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही मिरगपुर सरपंच दीपक देशमुख मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग की टीम और तिरोड़ी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए कटंगी स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। घटना के बाद ग्रामीणों में वन्यप्राणी को लेकर भय बना हुआ है। ग्रामीणों और समाजसेवियों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और आवश्यक सहायता देने की मांग की है।

परिजनों को 50 हजार की तत्काल सहायता

सरपंच दीपक देशमुख के मुताबिक, देवकराम के जंगल से वापस नहीं लौटने पर ग्रामीणों ने उनकी तलाश की थी। सुबह उनका शव और दो मृत मवेशी मिले। वन विभाग ने मृतक के परिजनों को तत्काल 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी है। सरपंच के अनुसार 24 घंटे के भीतर 8 लाख रुपये के मुआवजे और एक माह के भीतर शासन की ओर से 17 लाख रुपये की राशि दिए जाने की जानकारी दी गई है।

ये भी पढ़ें : छतरपुर में करंट से 16 वर्षीय युवक की मौत के बाद बवाल, NH-39 पर ग्रामीणों ने लगाया जाम, मुआवजे की मांग

वन विभाग ने बढ़ाई गश्त

घटना के बाद वन विभाग ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है। ग्रामीणों से अकेले जंगल की ओर नहीं जाने और सतर्क रहने की अपील की गई है। फिलहाल वन विभाग की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि किसान और दोनों मवेशियों की मौत वास्तव में बाघ के हमले से हुई है या किसी अन्य वन्यप्राणी के कारण।

मानसून सत्र में नहीं थम रहा गतिरोध, प्रश्नकाल और शून्यकाल चढ़े हंगामें की भेंट, सभापति की अपील रही बेअसर

आज की ताजा खबर 10 अगस्त LIVE: रांची में पुलिस के सामने राष्ट्रगान गाने लगे छात्र; पुलिस ने किया लाठीचार्ज

6 बागी सांसदों के शिवसेना में प्रवेश पर लगेगी रोक या मिलेगा अधिकार? सुप्रीम कोर्ट ने शिंदे गुट से मांगा जवाब

JPSC के पूर्व चेयरमेन गिरफ्तार, छात्र आंदोलन के बाद CID का बड़ा एक्शन, छापे के बाद दिया था इस्तीफा

राहुल गांधी कुछ नहीं करेंगे, आओ न डरो मत! पीएम मोदी पर संजय राउत ने साधा निशाना