पिंक, पर्पल और ग्रीन रंगों का मल्टीकलर कॉम्बिनेशन है वेडिंग सीजन का ट्रेंड।
हॉल्टर नेक और बैकलेस ब्लाउज से मिलेगा मॉडर्न लुक।
सिल्वर ज्वेलरी और अपडू हेयरस्टाइल से लुक को कंप्लीट करें।
Wedding Season Fashion: शादी में लाल, गुलाबी या गोल्डन लहंगा दुल्हन के लिए रहने दें, आप इस वेडिंग सीजन एक्ट्रेस सारा अली खान से इंस्पिरेशन लें। उन्होंने डिजाइनर गोपी वैद का कस्टम मेड मल्टीकलर लहंगा पहना, जिसमें गुलाबी, पर्पल और हरे रंग के पैनल हैं। फ्लोरल एम्ब्रॉयडरी और मिरर वर्क वाले इस लहंगे के साथ उनका पर्पल हॉल्टर नेक बैकलेस ब्लाउज भी आकर्षण रहा।
अगर आप शादी में कुछ अलग पहनना चाहती हैं, तो एक ही रंग के बजाय दो या तीन रंगों का कॉम्बिनेशन चुनें। सारा के लहंगे में पिंक, पर्पल और ग्रीन जैसे चटक रंगों को खूबसूरती से जोड़ा गया है। आप भी अपनी पसंद के रंगों से पैनल वाला लहंगा चुन सकती हैं। इस बात का ध्यान रखें कि सभी रंग एक-दूसरे के साथ अच्छे लगें।
सारा के लुक में पर्पल हॉल्टर नेक ब्लाउज सबसे ज्यादा ध्यान खींचता है। इस पर सिल्वर सेक्विन, जेमस्टोन और बारीक एम्ब्रॉयडरी की गई है। अगर आप लहंगे के साथ कुछ नया ट्राई करना चाहती हैं, तो हॉल्टर नेक ब्लाउज अच्छा और मॉडर्न चॉइस है। यह खासतौर पर संगीत, कॉकटेल या शाम की शादी के फंक्शन के लिए अच्छा लगेगा।
ब्लाउज के पीछे दो पतली डोरियों वाला बैकलेस डिजाइन इसे खास बना रहा है। आप चाहें तो इसी तरह डोरी के साथ छोटे टैसल, मोती या बीड्स लगवा सकती हैं। अगर बहुत ज्यादा ओपन बैक नहीं चाहतीं, तो डीप यू शेप या क्रिस-क्रॉस बैक डिजाइन भी चुन सकती हैं। ब्लाउज की फिटिंग सही होनी चाहिए, ताकि पहनने में परेशानी न हो और आपको पर्याप्त सपोर्ट भी मिले।
मल्टीकलर लहंगे के साथ सारा ने सिल्वर टोन के स्टेटमेंट कड़े और ईयररिंग्स पहने। आमतौर पर लहंगे के साथ गोल्डेन ज्वेलरी चुनी जाती है, लेकिन हर आउटफिट के साथ गोल्ड जरूरी नहीं। अगर आपके लहंगे में सिल्वर मिरर वर्क या सेक्विन हैं, तो सिल्वर ज्वेलरी अच्छी लगेगी।
सारा ने बालों को करीने से अपडू स्टाइल में बांधा, जिससे उनके ब्लाउज का बैक डिजाइन साफ नजर आया। आप भी बैकलेस या हॉल्टर नेक ब्लाउज पहन रही हैं, तो स्लीक बन, लो बन या हाई पोनीटेल बना सकती हैं। मेकअप में सॉफ्ट स्मोकी आईज और ग्लॉसी ब्राउन लिप्स जैसा लुक चुनें। इससे चेहरे पर ग्लैमरस टच आएगा, लेकिन आउटफिट से ध्यान नहीं हटेगा।