रेनियम पाउडर मिलाकर सोने का वजन बढ़ाया जाता है।
सामान्य गोल्ड टेस्टिंग मशीन की जांच पर सवाल उठ रहे हैं।
शादी में सोना खरीदते समय कुछ बातों का ध्यान रखें।
Rhenium Powder In Gold: शादी का सीजन शुरू होते ही सोने की खरीदारी बढ़ जाती है। इसके अलावा कई लोग सोना इंवेस्टमेंट के लिए भी सोने का सिक्का या सोने के गहने खरीदते हैं। ऐसे में सोने की शुद्धता से जुड़ी एक नई तरह की मिलावट चिंता बढ़ा रही है। इसका नाम है रेनियम पाउडर।
रेनियम पाउडर को सोने में मिलाकर उसका वजन बढ़ाया जा सकता है और गोल्ड टेस्टिंग मशीन भी इसकी मिलावट पकड़ने में नाकाम है। क्या है रेनियम पाउडर और क्या सचमुच इसे सोने की शुद्धता जांचने वाली मशीन नहीं पकड़ सकती है।
बता दें कि रेनियम एक दुर्लभ धातु है, जिसका रंग सिल्वर-ग्रे होता है। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से एयरोस्पेस, हाई-टेम्परेचर एलॉय और औद्योगिक कामों में किया जाता है। इसकी खास बात इसका मेलटिंग प्वाइंट है, जो कि 3180 डिग्री सेल्सियस है।
सोने में मिलावट को लेकर चिंता इसलिए है, क्योंकि इससे ज्वेलरी का कुल वजन बढ़ाया जा सकता है, जबकि उसमें वास्तविक सोने की मात्रा कम होती है। यानी ग्राहक जिस वजन के लिए सोने की कीमत चुका रहा है, उसमें सोने के अलावा दूसरी धातु भी शामिल होती है।
आसान भाषा में समझें तो 7.83 ग्राम के 24 कैरेट सोने में 1 ग्राम रेनियम मिलाने से कुल वजन 8.83 ग्राम हो जाता है। इसके बाद दूसरी धातुओं को मिलाकर सोने के गहने तैयार किए जाते हैं। यदि आपको गहने का वजन 9.58 ग्राम बताया जाता है, तो उसमें वास्तविक सोना 7.83 ग्राम था। इस हिसाब से गहने में सोना करीब 81.7 प्रतिशत है, जो लगभग 20 कैरेट के बराबर है।
बड़ी बात यह है कि गोल्ड टेस्टिंग मशीन भी इस मिलावट को पकड़ नहीं पाती है। ज्वेलरी की दुकानों और जांच केंद्रों पर आमतौर पर एक्स-रे फ्लोरेसेंस मशीन का इस्तेमाल किया जाता है, जो गहने की सतह पर मौजूद धातुओं की पहचान और उनका अनुपात बताती है।
वर्ष 2025 में जर्नल ऑफ जेम्स एंड जेमोलॉजी में प्रकाशित एक शोध में एक्स रे फ्लोरेसेंस और आईसीपी-ओईएस तकनीक की मदद से सोने में रेनियम और टंगस्टन की पहचान करने का तरीका बताया गया।
हमेशा बीआईएस (BIS) रजिस्टर्ड ज्वेलर से ही सोने के गहने खरीदें।
गहने पर बीआईएस मार्क, कैरेट प्योरिटी और छह अंकों वाला एचयूआईडी (HUID) नंबर जरूर देखें।
BIS Care ऐप में वेरिफाई एचयूआईडी फीचर से गहने की जानकारी जांचें।
खरीदारी के समय पक्का बिल लें और उसमें सोने की शुद्धता, वजन और कीमत का डिटेल जरूर देखें।
केवल दुकान पर दिखाई गई सामान्य गोल्ड टेस्टिंग मशीन की रीडिंग पर भरोसा न करें।
अगर किसी गहने की शुद्धता को लेकर संदेह है, तो बीआईएस से मान्यता प्राप्त एसेइंग एंड हॉलमार्किंग सेंटर (Assaying and Hallmarking Centre) में उसकी जांच कराई जा सकती है। बीआईएस की गाइडलाइंस में एक्स रे फ्लोरेसेंस के साथ फायर असे जांच का भी प्रावधान है। फायर असे सोने की मात्रा जांचने का सटीक तरीका माना जाता है, हालांकि इसमें गहने का छोटा भाग निकालना पड़ता है।