हलवे में पका हुआ केला मिलाने से हलवा स्वादिष्ट सॉफ्ट बनता है।
इलायची और दूध से हलवे की खुशबू व स्वाद बेहतर किया जा सकता है।
भोग बनाते समय बच्चों की पसंद, एलर्जी और साफ-सफाई का ध्यान रखें।
Halwa Recipe For Bhog: कन्या पूजन पर हलवा, पूरी और काले चने का प्रसाद बनाकर नौ कन्याओं को भोजन कराया जाता है। कई घरों में सूजी का हलवा बनाया जाता है, लेकिन ज्यादातर बच्चों को इसका स्वाद बहुत साधारण लगता है।
जानिए बच्चों की पसंद का हलवा बनाने की विधि। सूजी के हलवे में पका हुआ केला और इलायची मिलाने से इसका स्वाद थोड़ा अलग और टेक्स्चर सॉफ्ट हो जाती है।
इस रेसिपी में दो चीजें खास हैं- पका हुआ केला और इलायची पाउडर। केला हलवे में नेचुरल मिठास लाता है और हलवा को मुलायम बनाता है, जबकि इलायची उसकी खुशबू बढ़ाती है।
सूजी - 1 कप
घी - ⅓ से ½ कप
चीनी - ½ से ¾ कप, स्वाद के अनुसार
पानी - 2 कप
दूध - ½ कप
पका हुआ केला - 1 छोटा
इलायची पाउडर - ¼ छोटा चम्मच
कटे हुए बादाम या काजू - ऑप्शनल
सबसे पहले एक कड़ाही में घी गर्म करें और सूजी डालकर धीमी आंच पर भूनें। लगातार चलाते रहें, ताकि सूजी जले नहीं। जब सूजी से अच्छी खुशबू आने लगे और उसका रंग हल्का सुनहरा हो जाए, तो सूजी तैयार है।
अब दूसरे बर्तन में पानी, दूध और चीनी गर्म करें। चीनी घुलने के बाद इस मिश्रण को भुनी हुई सूजी में धीरे-धीरे डालें। इस दौरान लगातार चलाते रहें, ताकि गांठें न पड़ें। मिश्रण गाढ़ा होने लगे तो इसमें अच्छी तरह मैश किया हुआ पका केला और इलायची पाउडर मिलाएं।
धीमी आंच पर हलवे को 2-3 मिनट और पकाएं। जब सूजी तरल सोख ले और हलवा कड़ाही के किनारे छोड़ने लगे, तो गैस बंद कर दें। चाहें तो ऊपर से थोड़े कटे हुए मेवे डाल सकती हैं, लेकिन छोटे बच्चों को परोसते समय साबुत या बड़े टुकड़ों वाले मेवे न दें।
सूजी का हलवा का स्वाद और बनावट अच्छी रखने के लिए सूजी को अच्छी तरह भूनना जरूरी है। पानी-दूध का मिश्रण धीरे-धीरे डालें और लगातार चलाएं। पका केला डालने के बाद हलवे को बहुत देर तक न पकाएं, वरना हलवा बहुत गाढ़ी हो जाएगी।