PM Modi Mumbai Event Security Breach: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम से ठीक पहले मुंबई से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। शहर के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक संदिग्ध ने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) से जुड़े होने का दावा किया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तलाशी के दौरान उसके पास से पीएमओ का फर्जी पहचान पत्र भी जब्त किया गया है।
नीता मुकेश अंबानी सांस्कृतिक केंद्र में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने जब संदिग्धों की जांच की तो एक के पास से फर्जी पहचान पत्र मिला। जानकारी के मुताबिक, दूसरे संदिग्ध के पास से एक बंदूक भी बरामद किया गया है।
मुंबई पुलिस की ओर से दी गई जानकारी में कहा गया है कि बंद्रा कुर्ला कॉम्पलेक्स (BKC) स्थित मुकेश नीता अंबानी कल्चरल सेंटर (MNACC) से दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक कार्यक्रम होना है। पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए शख्स की पहचान 24 वर्षीय रोहन पारेख के रूप में हुई है। उसने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय से जुड़ा हुआ अधिकारी बताया था। उसके साथ एक बॉडीगर्ड भी था, जिसके पास से बंदूक बरामद की गई है। मामले में आगे की जांच क्राइम ब्रांच की ओर से की जा रही है।
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, गिरफ्तार व्यक्ति कल यानी (7 सितंबर) को पीएमओ की फर्जी पहचान पत्र का इस्तेमाल कर परिसर में घुसने की कोशिश कर रहा था। मौके पर मौजूद मुंबई पुलिस के कर्मियों ने उसे देख लिया। पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो उसके पास से मिले पहचान पत्र नकली निकले। इसके बाद, उसके और उसके साथ मौजूद बॉडीगार्ड के खिलाफ BKC पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया।
बता दें कि आज मंगलवार, 8 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) के जियो वर्ल्ड सेंटर में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का शुभारंभ करने वाले हैं। वे यहां कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे। इससे पहले उन्होंने गुजरात के वडोदरा और नवसारी में अलग-अलग कार्यक्रमों को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने वडोदरा को कई विकास परियोजनाओं का सौगात दिए।