कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर और भीमसेन स्टेशन के बीच एक बड़ा ट्रेन हादसा हो गया है। खबर है कि यहां पर साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 19168 20 के 22 डिब्बे कानपुर और भीमसेन स्टेशन के बीच पटरी से उतर गए। गनीमत ये रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। यात्रियों को कानपुर ले जाने के लिए बसें घटनास्थल पर पहुँच गई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार ये हादसा उस वक़्त हुआ जब साबरमती ट्रेन कानपुर से निकल चुकी थी। लेकिन कुछ ही दूरी पर भीमसेन स्टेशन के बीच यह हादसे का शिकार हो गई। लोको पायलट के अनुसार ऐसा प्रतीत होता है कि बोल्डर इंजन से टकराया था, जिसके कारण इंजन का कैटल गार्ड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और मुड़ा हुआ था। जिसके चलते ट्रेन पटरी से उतर गई है।
खबर है कि इस ट्रेन के 22 डिब्बे डिरेल हुए हैं। इनमें 7 एसी कोच, 8 स्लीपर के और जनरल कोच के 7 डिब्बे शामिल हैं। साबरमती एक्सप्रेस वाराणसी से अहमदाबाद की ओर जा रही थी। मौके पर रेलवे के अधिकारी पहुंच गए हैं।
जानकारी दें कि जिस समय हादसा हुआ उस दौरान अधिकतर यात्री सोए हुए थे। वहीं रात करीब 2:30 बजे जब साबरमती एक्सप्रेस के डिब्बे अचानक बेपटरी हुए तो यात्रियों की नींद ही उड़ गई। उनमें भयंकर चीख-पुकार मच गई। इस अफरा-तफरी के बीच यात्री डिब्बों से कुदकर-कुदकर उतरकर बाहर आ गए। ट्रेन में सवार सभी यात्रियों को ले जाने के लिए कानपुर से तुरंत बसों को बुलाया गया। जिसमें यात्रियों को बिठाकर दूसरे रेलवे स्टेशन या उनके गंतव्य तक छोड़ा जाएगा।
इस बाबत कानपुर ADM राकेश वर्मा ने कहा, "22 बोगियां पटरी से उतर गई हैं लेकिन कोई घायल नहीं हुआ है। सभी यात्रियों को बसों द्वारा स्टेशन भेजा जा रहा है, मेमो ट्रेन भी आ रही है।।।अच्छी बात है कि किसी भी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है।"
वहीं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मिडीया ' X'पर लिखा कि "आज देर रात 02:35 बजे साबरमती एक्सप्रेस (वाराणसी से अहमदाबाद) का इंजन ट्रैक पर रखी किसी वस्तु से टकराया और कानपुर के पास पटरी से उतर गया है। मामले पर IB और UP पुलिस भी काम कर रही है। यात्रियों या कर्मचारियों को कोई चोट नहीं आई है। यात्रियों के लिए अहमदाबाद तक की यात्रा के लिए ट्रेन की व्यवस्था की गई है।"
जानकारी दें कि इस हादसे से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए रेलवे द्वारा हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। रेलवे ने झांसी-0510-2440787, O510-2440790, उरई-05162-252206 और बांदा के लिए 05192-227543 हेल्पलाइन नंबर फिलहाल जारी किए हैं।