Tiger Shroff Attack Live Updates: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना के बाद मुंबई में हलचल तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। घटना मुंबई के जुहू इलाके में पुष्पा पार्क के पास हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ जब अपनी कार से एक ग्राउंड से निकल रहे थे, उसी दौरान भीड़ के बीच से उनकी गाड़ी पर गोलियां चलाई गईं।
घटना से जुड़े पल-पल के अपडेट के लिए बने रहे लाइव ब्लॉग के साथ....
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग को लेकर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। सुप्रिया सुले ने इस घटना पर राज्य सरकार की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से लोगों पर गोलियां चलाई जा रही हैं, सरकार को इसका जवाब देना होगा। यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ को फोन किया और उनसे बात की। उन्होंने उन्हें भरोसा दिलाते हुए कहा, "हम सब आपके साथ हैं। हम जल्द से जल्द आरोपियों का पता लगाकर उन्हें पकड़ लेंगे।"
रविवार शाम जुहू में कुछ अज्ञात लोगों द्वारा बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी किए जाने के बाद, फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची है। अभिनेता को कोई चोट नहीं आई, जबकि उनके ड्राइवर को नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शिवसेना (UBT) नेता सुषमा अंधारे ने कहा, टाइगर श्रॉफ पर हुआ आज का हमला बेहद चौंकाने वाली और बहुत गंभीर घटना है। लेकिन ये घटना कोई पहली घटना नहीं है। पूरे भारत में सबसे बड़ी फिल्म इंडस्ट्री मुंबई, महाराष्ट्र में है। इसका मतलब यहां उनका आना-जाना स्वाभाविक है। किंतु उनकी सुरक्षा के लिए कोई पुख्ता कदम आज तक नहीं उठाए जा रहे हैं। इसके पहले रोहित शेट्टी का घर हो या सलमान खान का, हमले होते आए हैं लेकिन सरकार इस पर कुछ नहीं कर पा रही है। बिश्नोई गैंग खुलकर कहता है कि यह हमने किया है और आगे भी करते रहेंगे। यह इशारा किसी फिल्म स्टार या इंडस्ट्री के लोगों को नहीं है बल्कि इस राज्य के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री को है। देवेंद्र फडणवीस, आपका मजाक उड़ाया जा रहा है और आप केवल आश्वासन दे रहे हैं। बिश्नोई गैंग का यह खेल कब तक चलता रहेगा? इसका जवाब आपको देना होगा।
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी मामले पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, "टाइगर श्रॉफ की गाड़ी को निशाना बनाया गया। यह घटना बेहद चिंताजनक और निंदनीय है; मैं इसकी कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। मैंने पुलिस कमिश्नर से बात की है और टाइगर श्रॉफ से भी बात की है। मुंबई पुलिस कमिश्नर ने गोली चलाने वालों को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई हैं, उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा और उनकी ही भाषा में जवाब दिया जाएगा।
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में DCP मोहित गर्ग ने बताया "यह घटना करीब 7 बजे हुई। कुछ अज्ञात लोग मौके पर पहुंचे और जब टाइगर श्रॉफ एक प्राइवेट इवेंट खत्म करके वहां से निकल रहे थे, तो उन पर फायरिंग कर दी। टाइगर श्रॉफ को गोली नहीं लगी है; वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। इस घटना में दो लोग घायल हुए हैं: एक उनके ड्राइवर फिरदौस हैं, जिनके हाथ में चोट आई है, ताजा जानकारी के मुताबिक, वे खतरे से बाहर हैं। दूसरे घायल व्यक्ति चौहान हैं, जिनका फिलहाल इलाज चल रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए, मुंबई पुलिस ने कई टीमें तैनात की हैं और जांच में अलग-अलग शाखाएं शामिल हैं। एक फॉरेंसिक टीम ने शुरुआती जांच की है। जैसे-जैसे और जानकारी मिलेगी, आपको बता दिया जाएगा।"
मुंबई पुलिस को टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। कपड़ों के आधार पर एक शख्स को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है।