Supreme Court Strict On Child Pornography: सुप्रीम कोर्ट ने सोशल मीडिया पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कंटेंट को लेकर सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने शुक्रवार को केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर पूछा कि इंस्टाग्राम और एक्स जैसे सोशल मीडिया मध्यस्थ बच्चों के यौन शोषण से जुड़े मामलों की जानकारी पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों को क्यों नहीं दे रहे हैं।
दरअसल, 2024 में सुप्रीम कोर्ट ने एक अहम फैसले में कहा था कि चाइल्ड पोर्नोग्राफी देखना और डाउनलोड करना भी अपराध है। कोर्ट ने सोशल मीडिया इंटरमीडियरी के लिए ऐसे कंटेंट की जानकारी पुलिस और संबंधित एजेंसियों को देना जरूरी बताया था। अगर कोई सोशल मीडिया इंटरमीडियरी ऐसे मामलों की रिपोर्ट नहीं करता है तो उसे आपराधिक तौर पर जवाबदेह ठहराया जा सकता है।
यह मामला एनजीओ ‘जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन’ की ओर से दायर एक याचिका के बाद सुप्रीम कोर्ट के सामने आया। याचिका में आरोप लगाया गया कि केंद्र सरकार और सोशल मीडिया इंटरमीडियरी सुप्रीम कोर्ट के 2024 के फैसले का सही तरीके से पालन नहीं कर रहे हैं। इसी पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया और जवाब मांगा कि चाइल्ड पोर्नोग्राफी से जुड़े कंटेंट की रिपोर्ट पुलिस को क्यों नहीं की जा रही है।
सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता एच.एस. फुल्का ने कहा कि मौजूदा समय में इंस्टाग्राम पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़े वीडियो तेजी से फैल रहे हैं और उन्हें सक्रिय रूप से बढ़ावा भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इंस्टाग्राम के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं, लेकिन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए।
फुल्का ने 2 सितंबर 2024 के सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि मेटा, टेलीग्राम या किसी भी अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के लिए यह जिम्मेदारी है कि बच्चों के यौन शोषण से जुड़ा कोई वीडियो सामने आने पर उसे सिर्फ ब्लॉक ही न किया जाए, बल्कि इसकी सूचना पुलिस को भी दी जाए।
वरिष्ठ अधिवक्ता ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में सोशल मीडिया से चाइल्ड पोर्नोग्राफी डाउनलोड करने और देखने वालों के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की बात कही थी। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे वीडियो को डाउनलोड कर वायरल करने वालों के खिलाफ सात साल तक की सजा का प्रावधान है।
अब सुप्रीम कोर्ट के नोटिस के बाद केंद्र सरकार को यह स्पष्ट करना होगा कि 2024 के फैसले के निर्देशों को लागू करने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कंटेंट की रिपोर्टिंग को लेकर मौजूदा व्यवस्था कितनी प्रभावी है।