बीकानेर हाउस प्रबंधन ने नीति का हवाला देकर कुछ तस्वीरें हटाने को कहा।
रेहान वाड्रा का दावा- दिल्ली में युवाओं के विरोध प्रदर्शनों की तस्वीरें हटाई गईं।
प्रियंका गांधी ने फैसले को हास्यास्पद बताया और इसे लोकतंत्र से जुड़ा सवाल कहा।
Raihan Vadra Photo Exhibition: कांग्रेस महासचिव और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। दिल्ली के बीकानेर हाउस में आयोजित होने वाली उनकी प्रदर्शनी से कई तस्वीरें हटाने को कहा गया। बीकानेर हाउस प्रबंधन ने इसकी वजह अपनी निर्धारित नीति का पालन नहीं होना बताया है। वहीं, रेहान वाड्रा ने दावा किया कि हटाई गई तस्वीरों में दिल्ली में युवाओं के विरोध प्रदर्शनों को दिखाया गया था। इस मामले पर प्रियंका गांधी ने भी प्रतिक्रिया दी और तस्वीरें हटाए जाने के फैसले को हास्यास्पद बताया।
बीकानेर हाउस प्रबंधन सोसाइटी ने गुरुवार को एक प्रेस नोट जारी कर कहा कि प्रदर्शनी में शामिल कुछ तस्वीरें उसकी निर्धारित नीति के अनुरूप नहीं थीं। इसी वजह से उन्हें हटाने का अनुरोध किया गया।
सोसाइटी के मुताबिक, बीकानेर हाउस एक सार्वजनिक सांस्कृतिक संस्थान है, जो कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है। यहां आयोजित होने वाली प्रदर्शनियों और उनसे जुड़ी गतिविधियों में प्रबंधन समिति की नीति का पालन करना जरूरी है।
प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी 'नो आइडिया इज़ फाइनल' की कुछ तस्वीरें निर्धारित नीति के अनुरूप नहीं थीं। हालांकि, जिन तस्वीरों को नीति के अनुकूल पाया गया, उनकी प्रदर्शनी जारी रही।
रेहान वाड्रा के मुताबिक, बुधवार को प्रीव्यू सेशन के बाद बीकानेर हाउस प्रबंधन ने प्रदर्शनी में लगी 105 तस्वीरों में से 75 को हटाने के लिए कहा था। उन्होंने दावा किया कि तस्वीरें नहीं हटाने पर प्रदर्शनी रद्द करने की बात भी कही गई थी।
रेहान के अनुसार, इन तस्वीरों में दिल्ली में युवाओं के विरोध प्रदर्शनों को दिखाया गया था। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा कि ये तस्वीरें दिल्ली में युवाओं के विरोध प्रदर्शनों की हैं।
रेहान ने बताया कि हटाने के लिए चिह्नित तस्वीरों में दो ऐसी तस्वीरें भी थीं, जिनमें तिरंगा दिखाई दे रहा था। उन्होंने शुरुआत में इन दोनों तस्वीरों को हटाने से इनकार किया था। हालांकि, उनके मुताबिक, जब वह प्रदर्शनी स्थल से बाहर गए, तो कर्मचारियों ने उन दोनों में से एक तस्वीर हटा दी। रेहान के दावे के अनुसार, प्रदर्शनी से कुल 74 तस्वीरें हटाई गईं। बीकानेर हाउस राजस्थान सरकार द्वारा संचालित है। राज्य में फिलहाल बीजेपी की सरकार है।
रेहान वाड्रा की तस्वीरें हटाए जाने पर उनकी मां प्रियंका गांधी ने नाराजगी जताई। उन्होंने इस फैसले को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि रेहान ने विरोध प्रदर्शनों की तस्वीरें ली थीं। उनके मुताबिक, तस्वीरों में न कोई टिप्पणी थी और न ही ऐसी कोई बात जो किसी के लिए अपमानजनक हो।
प्रियंका गांधी ने कहा कि यह विरोध प्रदर्शनों का दृश्य दस्तावेजीकरण था। उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में युवाओं की आवाज दबाई जा रही है। प्रियंका ने इसे लोकतंत्र से जुड़ा सवाल बताते हुए कहा कि आज किसी एक कलाकार के साथ ऐसा हुआ है, तो कल किसी दूसरे कलाकार के साथ भी हो सकता है।