कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों से बातचीत के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा- युवाओं को अपना भविष्य नजर नहीं आ रहा है। राहुल गांधी ने अमेरिका में भारत की अर्थव्यवस्था और रोजगार के हालात पर टिप्पणी की है।
अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत की आर्थिक स्थिति, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि भारत एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। देश में बेरोजगारी की समस्या व्यापक है और शिक्षा व्यवस्था में भी कई बुनियादी चुनौतियां मौजूद हैं। राहुल गांधी ने कहा कि इन समस्याओं को नजरअंदाज करने से हालात नहीं बदलेंगे।
राहुल गांधी 17 नवंबर को न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी पहुंचे थे। यहां छात्रों और शिक्षाविदों के साथ संवाद के दौरान उन्होंने भारत के युवाओं की स्थिति पर अपनी बात रखी। उनसे मॉडरेटर लिडिया पोलग्रीन ने भारतीय युवाओं में बढ़ती निराशा और असंतोष को लेकर सवाल किया था।
राहुल गांधी ने कहा कि देश के युवाओं में बढ़ती नाराजगी के पीछे एक बड़ी वजह यह है कि उन्हें अपने भविष्य को लेकर भरोसा नहीं दिखाई देता। उन्होंने बताया कि इस स्थिति से प्रभावित युवाओं में मध्यमवर्गीय परिवारों से आने वाले और औपचारिक शिक्षा प्राप्त करने वाले युवा भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि युवा अब अपने माता-पिता की पीढ़ी के अनुभवों और सलाह पर भी सवाल उठा रहे हैं। उनके मुताबिक, युवाओं को लगता है कि जिस रास्ते पर चलकर पिछली पीढ़ी ने सफलता हासिल की, उससे आज के दौर में रोजगार और बेहतर भविष्य की गारंटी नहीं मिल रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत में रोजगार के पर्याप्त अवसर पैदा करना और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना बड़ी चुनौती है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में बेरोजगारी की समस्या की गंभीरता को सार्वजनिक चर्चा में उतनी जगह नहीं मिल रही, जितनी मिलनी चाहिए।
राहुल गांधी की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब देश में युवाओं के रोजगार, कौशल विकास और शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर लगातार बहस हो रही है।
राहुल गांधी दो दिवसीय अमेरिकी दौरे पर हैं। कोलंबिया यूनिवर्सिटी में संवाद के बाद 18 नवंबर को उनका शिकागो यूनिवर्सिटी में भी एक कार्यक्रम निर्धारित है। वहां वे अंतरराष्ट्रीय राजनीति और भू-राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा करेंगे।
कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी के इस बयान के बाद देश की अर्थव्यवस्था और रोजगार के मुद्दे पर राजनीतिक बहस तेज होने की संभावना है।