पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भारत की उपलब्धियों और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस संसद नहीं चलने देती और विपक्ष के दूसरे नेताओं को आगे नहीं बढ़ने देती।
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता विदेशों में जाकर भारत को बदनाम करते हैं।
PM Modi on Anti CEC Protest: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि श्रीहरिकोटा से एक साल में जितनी लॉन्चिंग नहीं होती, उससे ज्यादा कांग्रेस अपने फेल प्रोडक्ट की लॉन्चिंग करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी नाकामी छिपाने के लिए भारत की उपलब्धियों और प्रगति को कटघरे में खड़ा कर रही है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के लिए अंगूर इतने खट्टे हो गए हैं कि वह अंगूर की बेल ही काटने में जुट गई है।
प्रधानमंत्री ने एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में कहा कि कांग्रेस का परिवार ही पार्टी को खत्म करने में जुटा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के रवैये से सरकार की ईमानदार आलोचना करने वालों को भी नुकसान हो रहा है। जो लोग लोकतांत्रिक तरीके से सरकार की कमियों को सामने रखना चाहते हैं और व्यवस्था में सुधार की बात करते हैं, उनकी आवाज कांग्रेस के शोर में दब जाती है।
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस संसद की कार्यवाही नहीं चलने देती, क्योंकि वह विपक्ष के दूसरे नेताओं को आगे बढ़ने का मौका नहीं देना चाहती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में केवल एक व्यक्ति को लाइमलाइट में रखने की कोशिश होती है। ऐसा करके पार्टी विपक्ष के कई सांसदों के साथ अन्याय करती है।
उन्होंने कांग्रेस को परजीवी बताते हुए कहा कि पार्टी किसी को आगे नहीं बढ़ने देती। पीएम मोदी ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस पर ऐसे लोगों का कब्जा हो गया है, जिन्होंने उसकी सोचने-समझने की क्षमता खत्म कर दी है। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले जंगलों में विनाश करते थे, वे अब कांग्रेस में घुसकर देश का विनाश करने पर तुले हैं।
प्रधानमंत्री ने मीडिया के बारे में बात करते हुए कहा कि मीडिया के साथी शिकायत कर सकते हैं कि बातें तो बहुत हुईं, लेकिन उनके लिए कुछ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सरकार का मंत्र 'सबका साथ, सबका विकास' है और इसमें मीडिया का विकास भी शामिल है।
पीएम मोदी ने बदलते वैश्विक परिदृश्य का जिक्र करते हुए कहा कि जब दुनिया नए वर्ल्ड ऑर्डर की तलाश कर रही है, तब कुछ लोग अव्यवस्था के सपने देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में दुनिया के सामने मजबूत भारत की तस्वीर जानी चाहिए, लेकिन कुछ लोग देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने में लगे हैं।
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता विदेशों में जाकर भारत को बदनाम करते हैं और विदेशी लोगों से देश को बचाने की अपील करते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस कब तक अपने असफल राजनीतिक नेतृत्व पर दांव लगाती रहेगी।
प्रधानमंत्री ने एक बार फिर परिवारवाद पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का परिवार पार्टी पर बोझ बन गया है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के नेता अकेले में अपनी नाराजगी जाहिर करते हैं, लेकिन अपमान का घूंट पीकर चुप रह जाते हैं।